दिल्ली वासियों को सभी लाइनों पर नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड(एनसीएमसी)पर यानि रुपे कार्ड पर सफर करने के लिए अगले साल तक इंतजार करना होगा। दरअसल, एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर इसकी शुरुआत के बाद दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन(डीएमआरसी)ने सभी लाइनों पर यात्रियों के लिए इस सुविधा की शुरुआत का निर्णय लिया।
डीएमआरसी का कहना है कि इस दिशा में कदम बढ़ाए गए हैं। लाइनों के आपस में जुड़े होने की वजह से सभी लाइनों पर एनसीएमसी की सुविधा एक साथ शुरुआत की जाएगी। दिसंबर 2022 तक इसकी शुरुआत किए जाने की उम्मीद है।
एनसीएमसी की शुरुआत से यात्रियों को बस, मेट्रो में सफर करने और पार्किंग सहित कई और सुविधाओं में इस कार्ड के इस्तेमाल का मौका मिल जाएगा। इससे समय की बचत होगी तो यात्रा भी सुलभ होगी। अलग अलग परिवहन सेवाओं के उपयोग के लिए बार बार टिकट लेने की जरूरत नहीं होगी।
डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक के मुताबिक अलग अलग मेट्रो लाइनों पर काम की शुरुआत चरणों में होगी। एयरपोर्ट लाइन की टिकटिंग प्रणाली पहले ही अलग थी। मेट्रो यात्रियों को एनसीएमसी का फायदा मिले, इसके लिए सभी लाइनों पर एक साथ शुरुआत की जाएगी। हालांकि अलग अलग लाइनों पर काम पूरा होने के बाद टेस्टिंग और ट्रायल किया जाएगा, ताकि एक साथ सभी लाइनों पर यात्रियों के लिए सफर आसान हो जाए।