फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi Jahangirpuri Violence Live: कोर्ट ने 14 आरोपियों को हिरासत में भेजा, दिल्ली पुलिस ने शांति समितियों के साथ की बैठक

Sun, 17 Apr 2022 09:38 PM IST
सुशील कुमार अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली

खास बातें

Live Delhi Jahangirpuri Violence Updates: जहांगीरपुरी हिंसा मामले में अब तक 21 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। हिंसा के दौरान फायरिंग करने वाला असलम भी दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। हिंसा की जांच के लिए पुलिस की 10 टीमें गठित की गई हैं। 
विज्ञापन
जहांगीरपुरी हिंसा। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:37 PM, 17-Apr-2022

अब तक 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया
जहांगीरपुरी हिंसा मामले को लेकर डीसीपी नॉर्थ-वेस्ट ने बताया कि एक और आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले वह जहांगीरपुरी थाना क्षेत्र में डकैती और हत्या के प्रयास के मामले में भी शामिल पाया गया था। हिंसा मामले में अब तक 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

08:10 PM, 17-Apr-2022

पुलिस ने शांति समितियों के साथ की बैठक

इलाके में तनाव को शांत करने के लिए दिल्ली पुलिस ने रविवार को अमन (शांति) समितियों के सदस्यों के साथ बैठक की। इस दौरान उनसे किसी भी तरह की अफवाह को रोकने और अपने क्षेत्रों के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करने को कहा।

08:09 PM, 17-Apr-2022

आरोपी असलम और अंसार को पुलिस हिरासत में भेजा गया
अदालत ने आरोपी मोहम्मद असलम और सह-आरोपी मोहम्मद अंसार को सोमवार तक पुलिस हिरासत में भेजा है। जबकि अन्य 12 आरोपियों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया था और कहा था कि अंसार और असलम मुख्य साजिशकर्ता हैं। 

विज्ञापन
06:58 PM, 17-Apr-2022

कोर्ट के समक्ष पुलिस ने रखे ये तथ्य
रोहिणी अदालत में दिल्ली पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी अंसार और असलम को 15 अप्रैल को शोभायात्रा के बारे में पता चला, जिसके बाद उन्होंने हिंसा की साजिश रची। दिल्ली पुलिस ने यह भी कहा कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान करने के लिए हमें सीसीटीवी फुटेज देखने होंगे।

06:25 PM, 17-Apr-2022

छह और आरोपियों की हुई गिरफ्तारी, तीन पिस्टल और पांच तलवार बरामद
दिल्ली पुलिस ने बताया कि हिंसा मामले में छह और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अब तक कुल 20 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जिसमें से दो नाबालिग हैं। 14 आरोपियों को रविवार को रोहिणी कोर्ट में पेश किया गया। तीन पिस्टल और पांच तलवार बरामद की गई हैं।

विज्ञापन
06:15 PM, 17-Apr-2022

हिंसा में बच्चों को शामिल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) ने हिंसा मामले में बच्चों को शामिल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। दिल्ली पुलिस आयुक्त को लिखे एक पत्र में एनसीपीसीआर ने कहा कि तस्वीरों और वीडियो में कई बच्चों को पथराव करते देखा जा सकता है। उन्हें भीड़ के हिस्से के रूप में भी देखा जा सकता है जिसने हिंसा शुरू की। इसको देखते हुए किशोर न्याय अधिनियम का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाए।

05:53 PM, 17-Apr-2022

आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया
जहांगीरपुरी हिंसा मामले के आरोपियों को रोहिणी कोर्ट में पेश किया गया है। कोर्ट ले जाते समय सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
 

05:24 PM, 17-Apr-2022

संदिग्धों पर पुलिस की पैनी नजर
जहांगीरपुरी इलाके में शनिवार शाम शोभा यात्रा के दौरान पथराव की घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है।

04:31 PM, 17-Apr-2022

उपद्रवियों ने लूटा राशन का ट्रक, मस्जिद की छत से फेंके गए पत्थर
जहांगीरपुरी हिंसा मामले में एक और सच सामने आया है। पुलिस का कहना है कि बवाल के दौरान उपद्रवियों ने राशन भरा एक ट्रक लूट लिया। वहीं पथराव की शुरुआत मस्जिद की छत से पत्थर फेंकने के साथ हुई थी।

04:15 PM, 17-Apr-2022

हिंसा के बाद हाई अलर्ट पर पुलिस
जहांगीरपुरी हिंसा के बाद पुलिस हाई अलर्ट पर है। जसोला और जामिया नगर के साथ ही संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

03:47 PM, 17-Apr-2022

दंगाइयों के पास थे तलवार और चाकू

जहांगीरपुरी पुलिस स्टेशन के एएसआई अरुण कुमार ने कहा कि अन्य पुलिस बल वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने स्थिति को नियंत्रित किया। ज़्यादातार दंगाइयों के पास तलवार और चाकू थे। जुलूस में कुछ लोगों ने सरिया, डंडों और तलवारों से हमला किया। दंगाइयों ने गाड़ियों में आग लगा दी। मैं कुछ गाड़ियां हटा रहा था इसी दौरान एक ईंट आकर मेरे कंधे पर लगी। एक पत्थर मेरे पीठ और पैर में भी लगा। 

03:47 PM, 17-Apr-2022

हर गली और नुक्कड़ पर प्रशासन तैनात

दीपेंद्र पाठक ने कहा कि आगे की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फूटेज, वीडियो हमें मिले हैं जिसकी जांच होनी हैं। आगे की स्थिति के लिए इलाके को विभिन्न सेक्टर डिविजन में बांटा गया है। हर गली और नुक्कड़ पर प्रशासन तैनात है। 

03:02 PM, 17-Apr-2022

कपिल मिश्रा बोले- दिल्ली दंगों और शाहीन बाग में भी शामिल रहे ये दंगाई

भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने कहा कि जहांगीरपूरी से जितने दंगाई पकड़े जा रहे हैं, ये सब दिल्ली दंगों और शाहीन बाग में शामिल थे। मुख्य अपराधी अंसार, यहां से औरतों को सड़कें बंद करवाने के लिए लेकर सीलमपुर, जफराबाद, शाहीन बाग जाता था। इसके कनेक्शन ताहिर हुसैन, खालिद सैफी, उमर खालिद सबसे रहे हैं। 
 
 

02:59 PM, 17-Apr-2022

अंसार पहले भी बार-बार हो चुका है गिरफ्तार

हिंसा के आरोपी और साजिशकर्ता अंसार की गिरफ्तारी के बाद जांच में पाया गया कि वह पहले भी हमले के 2 मामलों में शामिल है। उसे बार-बार गिरफ्तार किया जा चुका है। जुआआ और शस्त्र एक्ट के तहत पांच बार मामला दर्ज किया गया था। 

02:39 PM, 17-Apr-2022

आरोपियों की पहचान की जा रही है

स्पेशल सीपी ने कहा कि अंसार नाम के युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिसका नाम एफआईआर में शामिल है। अपराधियों की पहचान चल रही है और पुलिस जांच कर रही है। हम सीसीटीवी फुटेज और खुफिया इनपुट की जांच करेंगे। दंगा करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। 

02:39 PM, 17-Apr-2022

संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर पुलिस को करें सूचित

दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी लॉ एंड ऑर्डर दीपेंद्र पाठक ने लोगों से अनुरोध करते हुए कहा कि यदि उनके क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियां होती हैं या कोई समूह बहस करता है तो पुलिस को सूचित करें। हमने 14 लोगों को गिरफ्तार किया है। सात मामले दर्ज किए गए हैं। साथ ही हथियार भी बरामद किए गए। 

02:34 PM, 17-Apr-2022

पुलिस ने स्थिति को किया नियंत्रित

दीपेंद्र पाठक ने कहा कि भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। शोभायात्रा के दौरान तकरार होने पर अवैध हथियारों का इस्तेमाल किया गया। जुलूस के दौरान पुलिस वहां मौजूद थी, उन्होंने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मानव श्रृंखला बनाई और आंसू गैस छोड़ी।  
 

01:26 PM, 17-Apr-2022

ड्रोन से की जा रही निगरानी

दिल्ली के जसोला में सुरक्षा की दृष्टि से ड्रोन से निगरानी की जा रही है। वहीं कालिंदीकुंज क्षेत्र में अमर कमेटी की बैठक हुई। लोगों से शांति और भाईचारे बनाए रखने की अपील की। 

01:03 PM, 17-Apr-2022

हंस राज हंस ने शांति-भाईचारे की अपील की

उत्तर-पश्चिम दिल्ली से भाजपा सांसद हंस राज हंस ने सभी से शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील की है। हर धर्म में कुछ बुरे तत्व होते हैं, वे ही ऐसी घटनाओं के लिए जिम्मेदार होते हैं। इसके पीछे कुछ विदेशी ताकतें हो सकती हैं जो भारत को कमजोर करना चाहती हैं। 

01:00 PM, 17-Apr-2022

सब-इंस्पेक्टर मेदा लाल को लगी गोली 

दिल्ली पुलिस के सब-इंस्पेक्टर मेदा लाल को हुई हिंसा में गोली लगी। दो समूहों के बीच संघर्ष के दौरान सी-ब्लॉक की ओर से गोलियां चलाई गईं, जबकि पथराव भी किया जा रहा था। उनका कहना है कि कई पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं।

12:53 PM, 17-Apr-2022

शांति बनाए रखने की अपील

क्षेत्र में अमन शांति कायम रखने के लिए डीसीपी नॉर्थ वेस्ट द्वारा थाना जहांगीरपुरी क्षेत्र के कुशाल चौक पर पीएस जहांगीरपुरी थाना महेंद्र पार्क व पीएस आदर्श नगर की अमन कमेटी के सदस्यों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। 

12:14 PM, 17-Apr-2022

अमन समिति की बैठक

अमन समिति की बैठक के दौरान सभी सदस्यों को अपने क्षेत्रों में जनता से शांति, सद्भाव और शांति बनाए रखने की अपील करने के लिए कहा गया है। इसके अलावा उन्हें निष्पक्ष जांच और पुलिस की ओर से उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। 

11:51 AM, 17-Apr-2022

रैपिड एक्शन फोर्स तैनात

हिंसा प्रभावित जहांगीरपुरी में रैपिड एक्शन फोर्स और भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। अब तक 14 लोग पुलिस के हत्थे चढ़ चुका है। 

11:33 AM, 17-Apr-2022

दिल्ली पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, शोभायात्रा जैसे ही सी ब्लॉक मस्जिद पर पहुंची तो अंसार नाम के शख्स ने अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंच गया। इसके बाद शोभायात्रा में शामिल लोगों से बहस करने लग गया। यहीं से बवाल शुरू हो गया। दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। 

11:27 AM, 17-Apr-2022

असलम के खिलाफ पहले भी मामला दर्ज

असलम के खिलाफ पहले भी जहांगीरपुरी में मामला दर्ज है। उसके खिलाफ धारा 324/188/506/34 आईपीसी के तहत एफआईआर दर्ज पाया गया है।

11:25 AM, 17-Apr-2022

असलम गिरफ्तार

हिंसा के दौरान फायरिंग करने वाले 20 वर्षीय युवक की गिरफ्तारी हुई है। युवक की पहचान मोहम्मद असलम पिता खोदू असलम अली के रूप में हुई है। जो सीडी पार्क झुग्गी का रहने वाला है। वारदात में इस्तेमाल एक पिस्टल भी बरामद कर लिया है।  

10:56 AM, 17-Apr-2022

फायरिंग करने वाला शख्स गिरफ्तार

हिंसा के दौरान फायरिंग करने वाले एक आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल बरामद कर ली गई है। अब तक 14 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

09:46 AM, 17-Apr-2022

अब तक 14 आरोपी गिरफ्तार

हिंसा मामले में पांच और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। डीसीपी उषा रंगनानी ने कहा कि आगे की जांच जारी है। अब तक 14 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

09:39 AM, 17-Apr-2022

हालात काबू में : दिल्ली पुलिस

हालात को लेकर दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी दीपेंद्र पाठक का कहना है स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। माहौल शांतिपूर्ण है। हम लोगों के साथ लगातार संपर्क में हैं और शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील कर रहे हैं। सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस अधिकारी यहां मौजूद हैं। प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। 

09:19 AM, 17-Apr-2022

दिल्ली से सटे इलाकों में हाई अलर्ट पर पुलिस

जहांगीरपुरी हिंसा के बाद उत्तर प्रदेश के संवेदनशील और दिल्ली से सटे इलाकों में पुलिस टीमें हाई अलर्ट पर हैं। मेरठ में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। मेरठ कोतवाली के सीओ अरविंद चौरसिया ने बताया कि स्थिति उत्पन्न होने पर कार्रवाई की जाएगी। 

09:18 AM, 17-Apr-2022

नौ लोग गिरफ्तार

डीसीपी नॉर्थ-वेस्ट उषा रंगनानी ने बताया कि अब तक नौ आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आठ पुलिसकर्मियों समेत नौ लोग घायल हो गए हैं। अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। एक सब-इंस्पेक्टर को भी गोली लगी है। उनकी हालत स्थिर है।

 

09:10 AM, 17-Apr-2022

सीएम केजरीवाल ने शांति बनाए रखने की अपील की

जहांगीरपुरी में हुई पथराव की घटना पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा, 'लोगों से कहना चाहता हूं कि उन्हें शांति व्यवस्था बनाए रखनी है क्योंकि बिना उसके देश तरक्की नहीं कर सकता। एजेसिंया, पुलिस और दिल्ली में केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है तो केंद्र सरकार दिल्ली में शांति व्यवस्था बनाए रखे।' 

09:04 AM, 17-Apr-2022

उपद्रव होने की पहले से ही थी आशंका 

दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ सूत्रों का कहना है कि उपद्रव होने की आशंका पहले से ही थी, लेकिन इसे गंभीरता से नहीं लिया। ऐसे में इसे दिल्ली पुलिस की खुफिया विभाग की असफलता बताया जा रहा है। के ब्लॉक के रहने वाले राजबीर ने सवाल किया कि शोभायात्रा निकालते और उसकी तैयारी करते वक्त दंगा होने की आशंका पहले से ही थी तो पुलिस को इस बारे में क्यों नही पता चला। हिंसा को लेकर दिल्ली के उपराज्यपाल ने मुख्यमंत्री से बात की है और कहा है कि हिंसा के दोषियों को छोड़ा नहीं जाएगा। 

08:56 AM, 17-Apr-2022

कानून व्यवस्था बनाए रखने के दिए निर्देश

सभी संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। 15 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। गृहमंत्री ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। पत्थरबाजी में 6 पुलिसकर्मी समेत सात लोग घायल हैं। हिंसा में तोड़फोड़ और आगजनी की थी। 

08:28 AM, 17-Apr-2022

Delhi Jahangirpuri Violence Live: कोर्ट ने 14 आरोपियों को हिरासत में भेजा, दिल्ली पुलिस ने शांति समितियों के साथ की बैठक

दिल्ली के जहांगीरपुरी में हुई हिंसा में कई लोग घायल हो गए हैं। इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है। हिंसा की जांच के लिए पुलिस की 10 टीमें गठित की गई हैं। साथ ही पुलिस की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है। दिल्ली से लेकर यूपी तक पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। सीएम केजरीवाल ने भी लोगों से शांति की अपील की है। इसके साथ ही हिंसा पर दिल्ली और केंद्र सरकार की सियासत शुरू हो गई है। भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने इसे आतंकी हरकत बताया है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें