न्यायमूर्ति रवींद्र दूडेजा ने राजपाल यादव की अर्जी पर दिल्ली पुलिस और मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड को नोटिस जारी किया और मामले की अगली सुनवाई 14 अक्तूबर के लिए तय की। यादव के वकील ने अदालत को बताया कि अभिनेता को बिहारी ग्लोबल कनेक्ट नामक कंपनी ने दुबई में आयोजित दिवाली कार्यक्रम में गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में आमंत्रित किया है। उन्होंने कहा कि यादव को 17 से 20 अक्तूबर तक विदेश यात्रा करनी है।
यह आवेदन उस लंबित याचिका में दायर किया गया है, जिसमें राजपाल यादव ने चेक बाउंस मामले में ट्रायल कोर्ट द्वारा दी गई सजा को चुनौती दी है। हाईकोर्ट ने पहले भी कई मौकों पर यादव को विदेश यात्रा की अनुमति दी है। पिछले साल जून में अदालत ने यादव की सजा को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया था, इस शर्त पर कि वह विपक्षी पक्ष के साथ आपसी समझौते की संभावना तलाशने के लिए ईमानदार और वास्तविक प्रयास करेंगे।
उस समय राजपाल यादव के वकील ने कहा था कि यह एक वास्तविक लेन-देन था, जो फिल्म निर्माण के लिए किया गया था, लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर असफल रही और भारी वित्तीय नुकसान हुआ। वकील ने यह भी बताया था कि राजपाल यादव पहले ही संबंधित सिविल कार्यवाही में करीब तीन महीने की सजा काट चुके हैं। फिलहाल यह मामला दिल्ली हाईकोर्ट मध्यस्थता केंद्र में विचाराधीन है।