डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया से निपटने की हो रही तैयारी
दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने मानसून शुरू होने से पहले मच्छरजनित बीमारियों डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया से निपटने के लिए कमर कसनी शुरू की है। लेकिन इस मुहिम को कामयाब बनाने के लिए आम नागरिकों को भी निगम के साथ सहयोग करना होगा। निगम इस बात से वाकिफ है कि कोरोना महामारी के दौरान मच्छरजनित बीमारियों को रोकना बहुत आवश्यक है।
राजधानी में मच्छरजनित बीमारियों का प्रकोप हर साल देखने को मिलता है। खासकर डेंगू और मलेरिया से बड़ी संख्या में लोग बीमार पड़ते हैं और कई लोगों की मौत भी हो जाती है। दक्षिणी निगम के जनस्वास्थ्य विभाग ने मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए जन जागरूकता अभियान, अंतरविभागीय समन्वय, कीटनाशकों का छिड़काव जैसे कार्यक्रम तेज कर दिया है। निगम का दावा है कि उसने अभी तक करीब 5 लाख लोगों को मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम से जुड़े जागरूकता संदेश भेजे हैं।
मच्छरों से फैलने वाली बीमारियां बढ़ने की आशंका : अदालत
राष्ट्रीय राजधानी में मच्छरों की समस्या पर चिंता जताते हुए दिल्ली उच्च न्यायालय ने सोमवार को कहा कि यदि तत्काल स्थिति पर नियंत्रण नहीं किया गया तो कोविड-19 महामारी के बीच मच्छर से फैलने वाली बीमारियां बढ़ सकती हैं, जिससे स्थिति और विकट हो सकती है। न्यायमूर्ति विपिन सांघी और न्यायमूर्ति जसमीत सिंह की एक पीठ ने दिल्ली में मच्छरों की समस्या पर स्वयं संज्ञान लेते हुए कहा कि महामारी के मद्देनजर दिल्ली सरकार तथा निकाय संस्थाओं द्वारा उठाए गए कदम पर्याप्त नहीं हैं।
स्थिति रिपोर्ट करें पेश
अदालत ने दिल्ली सरकार, तीनों नगर निगम, दिल्ली छावनी और नई दिल्ली नगर परिषद को निर्देश दिया कि वे मच्छरों की समस्या के निदान के लिए उठाए गए कदमों और भावी कार्रवाई पर अपनी स्थिति रिपोर्ट पेश करें। मामले की अगली सुनवाई मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली पीठ के सामने 28 मई को होगी।