ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन इंडिया पर अपनी प्राइम डे सेल में चाईना परिधान ब्रांड शीन से संबंधित उत्पादों की प्रस्तावित बिक्री के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका की गई है। याची का आरोप है कि यह ब्रांड भारत सरकार द्वारा प्रतिबंधित चीनी मोबाइल एप्स शीन से संबंधित है।
अदालत ने इस मुद्दे पर अमेजन इंडिया और केंद्र सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। मुख्य न्यायाधीश डी.एन. पटेल और न्यायमूर्ति ज्योति सिंह की खंडपीठ ने मामले की सुनवाई 20 अगस्त तय की है।
अमेजन के प्राइम डे बिक्री 25 जुलाई को निर्धारित थी इनमें 1.2 मिलीयन विक्रेताओं के बीच शीन के उत्पादों को शामिल करना था। हालांकि शीन उन 59 चीनी मोबाइल एप्स में शामिल है जिन्हें केंद्र सरकार ने भारत की संप्रभुता और अखंडता के लिए खतरे का हवाला देते हुए जून 20 में प्रतिबंधित कर दिया था। लद्दाख की गलवान घाटी में भारत-चीन के बीच विवाद के मद्देनजर यह प्रतिबंध लगाया गया था।
याचिकाकर्ता के अधिवक्ता विवेक राज सिंह ने अदालत के समक्ष तर्क रखा कि केंद्र द्वारा लगाए गए प्रतिबंध के आलोक में प्राइम डे सेल में शीन उत्पादों को शामिल करने से रोका जाए।