24 साल बाद ट्रायल कोर्ट का फैसला पलटा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली हाईकोर्ट ने 36 साल पुराने दहेज हत्या मामले में एक महिला के पूरे परिवार को बरी कर दिया है। न्यायमूर्ति नवीन चावला और न्यायमूर्ति रविंदर दुदेजा की खंडपीठ ने ट्रायल कोर्ट के 24 साल पुराने फैसले को पलटते हुए परिवार के तीन बचे सदस्यों की आजीवन कारावास की सजा रद्द कर दी।
इससे पहले इस मामले में दो आरोपी मृतका के पति राजपाल और सास फूलवती की मौत हो चुकी थी, इसलिए उनके खिलाफ मुकदमा समाप्त कर दिया गया था। कोर्ट ने बाकी बचे तीन सदस्यों देवर जसवंत और ननद सुरेश व धनपति को सभी आरोपों से बरी कर दिया। कोर्ट ने कहा कि हम पाते हैं कि मृतका के कथित डाइंग डिक्लेरेशन पूरी तरह विश्वसनीय नहीं हैं और उनमें संदेह का तत्व है। अभियोजन पक्ष द्वारा बताई गई अन्य परिस्थितियां भी पूरी श्रृंखला नहीं बनातीं, जिससे हम यह मान सकें कि आरोपी दोषी हैं। इसलिए हमारा मानना है कि अभियोजन पक्ष आरोपों को संदेह से परे साबित करने में विफल रहा है। रिकाॅर्ड के अनुसार कमलेश नामक महिला की 30 अक्तूबर 1988 को समयपुर बादली स्थित ससुराल में लगभग 100 प्रतिशत जलने की हालत में मौत हो गई थी। अभियोजन पक्ष का आरोप था कि उसे दहेज उत्पीड़न के बाद ससुराल वालों ने आग लगा दी। ट्रायल कोर्ट ने 2002 में पूरे परिवार को आईपीसी की धारा 302 (हत्या) और 498ए (क्रूरता) के तहत दोषी ठहराया था। हाईकोर्ट ने पाया कि मृतका के दो डाइंग डिक्लेरेशन में गंभीर विरोधाभास थे।