दिल्ली को अनलॉक करने के साथ ही सरकार कोरोना संक्रमण की संभावित तीसरी लहर को लेकर भी पूरी सावधानी बरत रही है। तीसरी लहर को लेकर सरकार जोर शोर से तैयारी कर रही है। ताकि अचानक से संक्रमण की तेजी को उसकी ही रफ्तार के साथ रोक दी जाए।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने डिजिटल प्रेस कॉन्फ्रेंस में अनलॉक के संबंध में लिए गए निर्णयों को साझा करने के दौरान यह भी कहा कि इस वक्त एक तरफ पूरी दिल्ली की चिंता एक ही है कि किस तरह से अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाया जाए और दूसरी तरफ अगर तीसरी लहर आती है, तो उसकी तैयारियों को लेकर है। रोज कहीं न कहीं संभावित तीसरी लहर के मद्देनजर तैयारियों का जायजा लिया जा रहा है। करीब 22 नए ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन किया गया। इससे पहले ऑक्सीजन स्टोरेज टैंक का उद्घाटन किया गया। इस तरह कई सारी तैयारियां संभावित तीसरी लहर को लेकर चल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुत सारे लोगों को जानता हूं, जिनके लिए अब जिंदगी बहुत मुश्किल होती जा रही है, क्योंकि उनके कमाने का कोई साधन नहीं बचा है। हम भी यह समझते हैं और धीरे-धीरे एक-एक गतिविधि को खोला जा रहा है। इस हफ्ते भी कुछ गतिविधियों को खोलने के का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में अब कोरोना की स्थिति काफीनियंत्रण में आ चुकी है। कोरोना के मामले काफी कम हो चुके हैं।
पाबंदी अभी भी जारी हैं
अनलॉक-3 में वैसे तो ज्यादातर दिल्ली खुल जाएगी, लेकिन संक्रमणक को बढ़ावा देने वाले कई स्थलों पर पाबंदी जारी रहेगी। सैलून व ब्यूटी पार्लर तो खुलेंगे, लेकिन स्पा व जिम नहीं खुलेगा। योगा इंस्टीट्यूट को भी बंद रखा जाएगा। दिल्ली आपदा प्रबंधन की गाइडलाइन के अनुसार पब्लिक पार्क व गार्डेन को भी बंद रखा जाएगा। इसके लिए रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन को भी ताकीद रखने को कहा गया है। असेंबली हॉल बंद रहेंगे ही साथ ही बिजनेस टू बिजनेस एग्जीबिशन का भी आयोजन नहीं होगा। यह प्रतिबंधित गतिविधियां है, जो पूरी तरह से बंद रहेंगी।
बंद व्यवसाय को बंधाया ढ़ांढस
मुख्यमंत्री ने अनलॉक-3 की घोषणा के साथ कहा कि अगर इसी तरह से कोरोना के मामले कम होते रहे, तो धीरे-धीरे हम सबकी जिंदगी पटरी पर आ जाएगी।
मुख्यमंत्री ने दुकानदार से अनुरोध किया है कि वे भीड़ न होने दें और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। उन्होंने निजी कंपनियों से भी कहा कि वर्क फ्राम होम से काम करने व कराने की कोशिश करें। अगर केस नहीं बढ़ते हैं, तो मार्केट और रेस्टोरेंट आगे भी चालू रखेंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि मोटे-मोटे तौर पर इस हफ्ते इन गतिविधियों की अनुमति दी जा रही हैं। उम्मीद करता हूं कि इसी तरह से कोरोना के मामले कम होते रहे, तो धीरे-धीरे हम सबकी जिंदगी पटरी पर आ जाएगी। यह बहुत बड़ी त्रासदी है और हमें सबको मिलकर इसका मुकाबला भी करना है और उम्मीद भी करनी है कि अब कोरोना के मामले न बढ़ें। भगवान करें कि तीसरी लहर न आए।
पश्चिमी दिल्ली के मॉल में मुफ्त पार्किंग की सुविधा
सम-विषम फार्मूलें को खत्म कर मॉल में भी सभी दुकान खोलने की अनुमति मिलने के बाद ग्राहकों के लिए पार्किंग की सुविधा फ्री करने का ऐलान किया गया है। यूनिटी मॉल ग्रुप के अभिषेक श्रीवास्तव ने कहा है कि सरकार के इस निर्णय से अर्थव्यवस्था पटरी पर आएगी। वैक्सीनेशन को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। वैक्सीन के दोनों डोज पूरा करने वाले मॉल पहुंचते है तो उन्हें लिमिटेड समय के लिए मुफ्त पार्किंग की सुविधा दी जाएगी। साथ ही मॉल के शो-रूम वालों ने ग्राहकों को कुछ गिफ्ट भी देने की तैयारी में है।
व्यापारियों ने दिल्ली सरकार के निर्णय का स्वागत किया
सम-विषम फार्मूले को वापस लेने वाले दिल्ली सरकार के निर्णय को व्यापारियों ने स्वागत किया है। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री के चेयर मैन बृजेश गोयल ने कहा है कि सरकार के निर्णय से अर्थव्यस्था खुशहाल होगी। सैलून व ब्यूटी पार्लर खुल जाने से इस व्यवसाय के लोगों को भी राहत प्रदान कर दी गई है।
फेडरेशन ऑफ सदर बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन के वाइस चेयरमैन परमजीत सिंह पम्मा ने कहा है कि सम-विषम से व्यापारियों की परेशानी बढ़ गई थी। सरकार का फैसला सराहनीय है। दिल्ली ड्रग ट्रेडर्स एसोसिएशन भागीरथ प्लेस के सचिव आशीष ग्रोवर फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि अब सबसे बड़ी चुनौती समाजिक दूरी का पालन कराने की है। बाजार में मार्शल को तैनात कराने की आवश्यकता है।
न्यू लाजपतराय मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन केअध्यक्ष पंकज शर्मा ने कहा कि दुकानों पर लटका ताला अब पूरी तरह खुलेगा। सरकार को दुकानें और फैक्ट्रियों का बिजली माफ करके बढ़ावा देना चाहिए। दिल्ली वेजिटेबल ऑयल ट्रेडर्स एसोसिएशन के महासचिव सतीश बब्बर ने कहा है कि आर्थिक व्यवस्था बेहतर होगी। हालांकि अभी वक्त लगेगा। सरकार का कदम सराहनीय है।