नई दिल्ली। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शनिवार को दिल्ली के सरकारी स्कूलों के अंग्रेजी शिक्षकों के लिए टेसोल कोर सर्टिफिकेट प्रोग्राम लांच किया। इस मौके पर अमेरिकी दूतावास के क्षेत्रीय अंग्रेजी भाषा अधिकारी रूथ गूड भी मौजूद थीं। प्रोग्राम का उद्देश्य दिल्ली के सरकारी स्कूलों के अंग्रेजी शिक्षकों की भाषा शिक्षण क्षमता बढ़ाकर उत्कृष्ट पढ़ाई सुनिश्चित करना है। इसमें 50 शिक्षकों को शामिल किया गया है।
उपमुख्यमंत्री सिसोदिया ने कहा कि शिक्षकों को अपना कौशल लगातार बढ़ाते रहना जरूरी है। हम चाहते हैं कि हमारे शिक्षक जिन चीजों को पहले से जानते हैं, उन्हें खास तरीके से करें। इस सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम से शिक्षकों को अपनी कक्षाओं में अधिक रचनात्मकता लाने में मदद मिलेगी।
रूथ गूड ने कहा कि दिल्ली सरकार के शिक्षकों के उत्कृष्ट प्रशिक्षण की दिशा में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के प्रयास सराहनीय हैं। दिल्ली सरकार के साथ हमारे संबंध काफी महत्वपूर्ण हैं। हमने अब तक लगभग 800 शिक्षकों को प्रशिक्षित किया है और भविष्य में ऐसे प्रशिक्षण जारी रखेंगे। टीचिंग इंगलिश टू स्टूडेंट्स ऑफ अदर लेंगवेजेज (टेसोल) कोर सर्टिफिकेट प्रोग्राम 6 माह में पूरा होगा।