दिल्ली सरकार ने मंडियों के विकास के लिए 476.89 करोड़ रुपये का बजट पास किया है। दिल्ली कृषि विपणन बोर्ड की बैठक में कृषि मंत्री गोपाल राय ने कहा कि बजट में भारी राशि का प्रावधान होने से गाजीपुर, आजादपुर, टिकरी खामपुर समेत सभी मंडियों की कई नई परियोजनाओं को रफ्तार मिलेगी।
इस मौके पर गोपाल राय ने बताया कि इस बजट में लगभग 178.73 करोड़ रुपये एपीएमसी आजादपुर, 13.34 करोड़ रुपये फल/सब्जी मार्केट गाजीपुर, 13.96 करोड़ रुपये एफपी एंड ईएमसी गाजीपुर, 08 करोड़ रुपये फूल मंडी गाजीपुर, 18.91 करोड़ रुपये एपीएमसी केशोपुर, 45.03 करोड़ रुपये एपीएमसी नरेला, 05.32 करोड़ रुपये एपीएमसी नजफगढ़ और 193.57 करोड़ रुपये बोर्ड को आवंटित किए गए है। टिकरी खामपुर थोक मंडी के निर्माण के साथ-साथ, फल और सब्जी मंडी और पोल्ट्री बाजार, गाजीपुर के विकास और गाजीपुर फूल मंडी के नवीनीकरण का कार्य किया जाएगा। इसके लिए बजट में 303 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
आजादपुर मंडी के किसान भवन का नवीनीकरण होगा
किसानों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आजादपुर मंडी के किसान भवन के नवीनीकरण किया जाएगा। आजादपुर मंडी में सब्जियां एवं फल बेचने के लिए किसान आते हैं और कई बार उनको एक-दो दिन तक रुकना पड़ता है। किसानों के ठहरने के लिए यहां किसान भवन बना रखा है।
सभी मंडियों में सीसीटीवी कैमरे जल्द लगेंगे
सभी मंडियों में हो रहे कार्यों की निगरानी रखने के लिए उनमें सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों के माध्यम से मंडियों की सुरक्षा कड़ी निगरानी में रहेगी। इसके अलावा लोगों की आवाजाही पर भी ध्यान दिया जा सकेगा।