होटल संचालकों को दिल्ली सरकार ने राहत दी है। दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) की सीलिंग की तलवार अब हट गई है। सरकार ने डीपीसीसी की ओर से भेजे गए सीलिंग नोटिस को रद्द कर दिया है। इससे करोल बाग व पहाड़गंज क्षेत्र के 400 होटल मालिकों को राहत मिल गई है।
स्थानीय विधायक के हस्तक्षेप के बाद यह निर्णय दिल्ली सरकार ने लिया है। होटल प्रतिनिधि मंडल ने दिल्ली सरकार के फैसले की सराहना की है। प्रभावित होटल मालिकों का एक प्रतिनिधिमंडल बीते दिनों दिल्ली सरकार के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय से मिला था। गोपाल राय ने सीलिंग नोटिस को तत्काल रद्द करने का आदेश दिया।
विधायक विशेष रवि ने कहा है कि त्वरित कार्रवाई दिल्ली सरकार की नागरिक केंद्रित मानसिकता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि नोटिस जारी होने के बाद एसडीएम करोल बाग ने 10 होटलों को पहले ही सील कर दिया गया था, लेकिन सरकार ने होटल मालिकों के दर्द को समझा और पिछले आदेश को रद्द करने का आदेश दिया। सरकार के इस कदम से होटल मालिकों ने राहत की सांस ली है।
एमसीडी आयुक्त से मिले व्यापारी
उत्तरी दिल्ली निगम के आयुक्त संजय गोयल ने व्यापारियों के साथ बैठक की। सिविक सेंटर में आयोजित बैठक में नगर निगम की समस्याओं पर चर्चा हुई। व्यापारियों की समस्या को एमसीडी आयुक्त ने भी ध्यान से सुना व पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक में भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रमेश खन्ना, दिल्ली व्यापार महासंघ के अध्यक्ष देवराज बवेजा, जवाहर नगर कमला नगर ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेश सांभर और कमला नगर ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रधान नितिन गुप्ता जी मौजूद रहे।