उत्तरी दिल्ली नगर निगम के सबसे बड़े हिंदूराव अस्पताल को दिल्ली सरकार ने कोविड अस्पताल घोषित कर दिया गया है। सोमवार से यहां केवल कोविड मरीजों का ही इलाज होगा। रविवार को जारी आदेश में कहा गया है कि कोरोना के प्रकोप के बीच हिंदूराव अस्पताल को कोविड अस्पताल घोषित किया जा रहा है। इसके साथ ही यहां के सभी बिस्तरों को कोविड मरीजों के लिए आरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि गत दिनों तीनों नगर निगमों ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर दिल्ली सरकार को कोरोना से जंग में अपने अस्पतालों को इस्तेमाल करने के लिए अपील की थी। इस अस्पताल में 980 बिस्तरों के अलावा 17 वेंटिलेटर, आठ आईसीयू बेड और 250 ऑक्सीजन बेड की सुविधा है।
भर्ती मरीजों को किया जाएगा स्थानांतरित
फिलहाल हिंदूराव अस्पताल में करीब 209 मरीज भर्ती हैं, जिन्हें निगम के कस्तूरबा गांधी, गिरधारी लाल मैटरनिटी और राजन बाबू टीबी अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा।
ढांचागत स्तर पर होगा बदलाव
कोविड अस्पताल में परिवर्तित होने के बाद हिंदूराव में ढांचागत स्तर पर भी काफी बदलाव किए जाएंगे। ऑक्सीजन बेड की व्यवस्था से लेकर अन्य पहलुओं पर ध्यान देते हुए अस्पताल प्रशासन ने बदलाव करना शुरू कर दिया है।