रोहिणी जिले के विजय विहार स्थित रिठाला गांव में सूरज कुमार (18) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात के दौरान युवक जान बचाने के लिए इधर-उधर भागता रहा। इस बीच उसने लोगों से मदद भी मांगी, लेकिन कोई आगे नहीं आया। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे अंबेडकर अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, रिठाला गांव में मां, दो छोटे भाइयों व एक बहन के साथ रहने वाले सूरज के पिता की 2017 में मौत हो गई थी। सूरज ई-रिक्शा चलाकर परिवार का खर्चा चला रहा था। शनिवार रात करीब साढ़े दस बजे वह घर में ही था।
इस बीच, किसी ने कॉल कर उसे बाहर बुलाया। सूरज मां से कुछ ही देर में आने की बात कहकर चला गया। घर के बाहर मौजूद युवक उसे नजदीक के पार्क में ले गए। वहां सूरज से उनकी कहासुनी हो गई। तीन-चार युवकों ने सूरज पर चाकू से हमला किया तो वह जान बचाने के लिए इधर-उधर भागा। उसने लोगों से मदद भी मांगी, पर नहीं मिली। पुलिस को पार्क से ही सूरज का मोबाइल भी मिल गया। उसके आधार पर कुछ युवकों की पहचान की गई है।
एक अन्य युवक की हत्या में 4 दोस्त धरे
रिठाला गांव में ही शनिवार शाम हर्षदीप सिंह (18) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस उपायुक्त पीके मिश्रा ने बताया कि रिठाला में परिवार के साथ रहने वाले हर्षदीप की हत्या के आरोपी के दोस्तों दीपक, संदीप और दो नाबालिगों को पकड़ लिया गया है।
शुरूआती जांच के मुताबिक, हर्षदीप दोस्तों से खर्चे के लिए कुछ रुपये मांग रहा था। इसके बाद हुई कहासुनी में चारों ने चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी।