इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहित करने के लिए शुरू की गई स्विच दिल्ली मुहिम को अंजाम तक पहुंचाने के लिए दिल्ली सरकार ने सोशल मीडिया का सहारा लिया है। इसके लिए सोशल मीडिया के हर प्लेटफार्म पर डेडिकेटेड अकाउंट शनिवार को शुरू किया गया।
आम लोगों की सीधी पहुंच वाले इन प्लेटफार्म के जरिए जागरूकता फैलाने के साथ अभियान से जुड़ी गलतफहमियां व शिकायतें दूर की जाएंगी। दिल्ली डायलॉग एंड डेवलपमेंट कमीशन (डीडीसीडी), स्विच दिल्ली अभियान के सोशल मीडिया आउटरीच का नेतृत्व करेगा।
दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ई-वाहन खरीदने में सब्सिडी या किसी भी अन्य शिकायतों को दूर करने, ई-वाहन खरीदारों की सफलता की कहानियों से जुड़े कंटेट सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर साझा किए जाएंगे। डीडीसीडी की ओर से सोशल मीडिया हैंडल के जरिए जुड़े लोगों के सवालों का जवाब भी मिलेगा। इससे उनकी पहले से बनी-बनाई धारणाएं बदली जा सकेंगी।
फिल्म अभिनेता कमल हासन के दिल्ली की ई-वाइन नीति की तारीफ से जुड़े एक ट्वीट पर धन्यवाद देते हुए शनिवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लिखा कि उनकी सरकार का संकल्प दिल्ली को प्रदूषण मुक्त ई-वाहन शहर बनाने का है। उनकी सरकार दिल्लीवालों को हर वह सुविधा मुहैया कराएगी, जिससे स्विच दिल्ली अभियान को जन आंदोलन बनाया जा सके।