चांदनी चौक में कपड़ों के गोदाम में लगी आग
- फोटो : ANI
चांदनी चौक स्थित कूचा नटवा इलाके में रविवार रात कपड़ा मार्केट में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर कई इमारतों को अपनी चपेट में ले लिया। बिल्डिंग के सामने की ओर से लगी आग इमारत की पीछे संकरी गली में बनी दुकानों तक पहुंच गई। ऐसे में दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में खासी मशक्कत करने पड़ी।
दमकलकर्मियों के मुताबिक, करीब 16 घंटे बाद दमकल की 50 गाड़ियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। आग में कपड़े की करीब 150 दुकान व गोदाम जल गए। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। कारोबारियों का कहना है कि सौ करोड़ का माल जलकर राख हो गया। शार्ट सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका है।
रविवार रात करीब 10.40 बजे पुलिस व दमकल विभाग को सूचना मिली कि चांदनी चौक स्थित कूचा नटवा-कच्चा बाग इलाके में आग लग गई है। सूचना मिलते ही शुरुआत में छह गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। आग अखाड़ा चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन के नजदीक बिल्डिंग नंबर-1226 वीआर-ट्रेडर्स में लगी थी। देखते ही देखते आग बढ़ने लगी। आग से आसपास की और इमारतें उसकी चपेट में आ गईं।
हालात को देखते ही दिल्ली के अलग-अलग दमकल केंद्रों से करीब 50 गाड़ियों को मौके पर बुला लिया। आग ने यहां करीब छह इमारतों को अपनी चपेट में ले लिया। सभी इमारतें ग्राउंड फ्लोर के अलावा ऊपर तीन मंजिल पर बनी हुई थी। पीछे दुकानें बेहद संकरी गली में मौजूद हैं। बाकी ऊपर दूसरी और तीसरी मंजिल पर दुकानदारों ने कपड़े के गोदाम बनाए हुए थे। आग लगी तो ग्राउंड फ्लोर से होते हुए ऊपर की मंजिलों तक चली गई।