जबरन धन वसूली, जान से मारने की कोशिश और हथियार तस्करी के दर्जनों मामलों में फरार चल रहे बदमाश को द्वारका पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी टीम को देखकर छत से कूद गया, लेकिन पुलिस से बचने में सफल नहीं हुआ। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर सैक्टर-23 थाने में आर्म्स एक्ट की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
द्वारका पुलिस के डीसीपी शंकर चौधरी ने बताया कि 18 जून को डाबरी थाना क्षेत्र के एक घर में जबरदस्ती घुसने और एक व्यक्ति को गोली मारने के मामले में डाबरी थाने में मामला दर्ज कराया गया था। इससे पहले 12 जुलाई को भी इसी क्षेत्र के एक घर में घुसकर तीन लोगों ने नरेश कुमार को गोली मार कर घायल कर दिया था। इससे पहले 17 जून को भी कुछ युवकों पर गोली चलाने का आरोप लगा था।
पुलिस ने इन मामलों में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया था, जिससे पूछताछ के बाद पुलिस को गिरोह के मास्टरमाइंड गुलाम ख्वाजा उर्फ अली की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।