दिल्ली की डिफेंस कॉलोनी थाना पुलिस ने 85 लाख रुपये लेकर फरार हुए ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गुरुग्राम में जाकर किराए पर रहने लगा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 83 लाख 76 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। आरोपी के कब्जे से चोरी के पैसे से खरीदा गया सामान भी बरामद किया गया है।
दक्षिण जिला डीसीपी अतुल कुमार ठाकुर के अनुसार अमिता वसंत ने 28 जनवरी को डिफेंस कॉलोनी थाने में शिकायत दी थी कि उसकी बेटी संभावना ने बैंक में जमा करने के लिए ड्राइवर राघव को 85 लाख रुपये दिए थे। ड्राइवर राघव पैसा जमा करने की बजाय पैसे लेकर फरार हो गया।
उसने क्रेटा कार वसंत विहार इलाके में छोड़ दी थी। मामला दर्जकर एसीपी डिफेंस कॉलोनी कुलबीर सिंह की देखरेख में थानाध्यक्ष जितेन्द्र मलिक, एसआई सुमित व वेदप्रकाश की टीम ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल समेत कई जगहों की सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। कई जगह दबिश दी गई। उसके रिश्तेदार व दोस्तों के घर सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात किए गए।
एसआई सुमित की टीम ने आरोपी राघव(30) को दो फरवरी को उस समय गिरफ्तार कर लिया जब वह न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में परिवार के सदस्यों से मिलने की कोशिश कर रहा था। आरोपी ने चोरी की रकम में से दो ट्रॉली बैग व मोबाइल आदि खरीद लिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ये सामान बरामद कर लिया है।
मूलरूप से मधुबनी, बिहार निवासी राघव करीब 14 वर्ष पहले दिल्ली आया था। शुरू में घरेलू सहायक का काम करता था। बाद में ये ड्राइवरी करने लगा और पीड़ित परिवार के पास तीन वर्षों से नौकरी कर रहा था। वारदात के बाद आरोपी उल्हासपुर, गुरुग्राम में किराए पर रहने लगा था। आरोपी ने अपने दोस्त को बताया था कि उसकी पत्नी से झगड़ा हो गया है इस कारण वह खिज्रराबाद एनएफसी से गुरुग्राम रहने आया है।