पीड़ित परिवार से बात करते सीपी एसएन श्रीवास्तव
- फोटो : अमर उजाला
कोरोना की चपेट में आने से जान गंवाए दिल्ली पुलिस के सिपाही अमित राणा की पत्नी पूजा से बातचीत कर पुलिस आयुक्त एसएन श्रीवास्तव भावुक हो गए। सिपाही की पत्नी के आंसू देखकर उन्होंने परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
पुलिस आयुक्त (सीपी) ने हरियाणा के सोनीपत स्थित दिल्ली पुलिस के दिवंगत सिपाही अमित राणा के परिवार से बृहस्पतिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बातचीत की। उन्होंने कोरोना योद्धा अमित राणा की पत्नी पूजा से पुलिस महकमे में योग्यता के अनुसार नौकरी की भी पेशकश की है। पूजा मौजूदा वक्त में अनुबंधित अध्यापिका हैं। अमित अपने पीछे तीन साल के मासूम बेटे को छोड़ गए हैं। परिवार की इस मुसीबत की घड़ी में पुलिस आयुक्त ने हर स्तर पर मदद का भरोसा दिया है।
सीपी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सिपाही अमित को श्रद्धांजलि भी दी। उधर, पीड़ित परिवार से बातचीत की तस्वीर पुलिस आयुक्त ने ऑफिसियल ट्विटर हैंडल पर भी साझा की। तस्वीर पोस्ट होते ही दिल्ली पुलिस के मुखिया एसएन श्रीवास्तव से लोगों ने ट्विटर पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। आरोप है कि भरत नगर थाने में तैनात अमित राणा को वक्त पर अगर अस्पताल ले जाया गया होता तो उनकी जान बचाई जा सकती थी। ऐसे कई सवाल हैं, जिसका जवाब पुलिस महकमे को देना है।