कोरोना संक्रमण की चार बार लहर झेल चुकी दिल्ली में अब हालात सामान्य होने लगे हैं। रविवार को लगातार दूसरे दिन एक हजार से कम कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं 46 दिन बाद दिल्ली में संक्रमण से मरने वालों की संख्या भी 100 से नीचे आई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पिछले एक दिन में 75440 सैंपल की जांच में 1.25 फीसदी संक्रमण दर मिली है। यानि पिछले एक दिन में 946 नए मामले सामने आए हैं। जबकि इससे दोगुना अधिक 1803 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। इस दौरान 78 मरीजों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इसी के साथ ही राजधानी में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 14,25,592 हो चुकी है, जिनमें से 13,89,341 मरीजों को स्वस्थ्य घोषित किया जा चुका है।
वहीं 24151 मरीजों की अब तक मौत हो चुकी है। कोरोना संक्रमण का पहला केस पिछले वर्ष दो मार्च को सामने आया था। तब से लेकर अब तक की स्थिति देखें तो दिल्ली में संक्रमण दर 7.41 फीसदी रही है। साथ ही मृत्युदर 1.69 फीसदी है, जो राष्ट्रीय औसत 1.17 फीसदी की तुलना में अधिक है। विभाग के अनुसार हर दिन नए मामले कम और डिस्चार्ज होने वालों की संख्या अधिक होने के चलते सक्रिय मामले भी तेजी से कम हो रहे हैं। इस माह की शुरूआत में सक्रिय केस एक लाख के करीब थे, लेकिन अब इनकी संख्या घटकर 12100 तक पहुंच गई है।
5817 मरीज अपने घरों में आइसोलेशन में हैं। इतना ही नहीं हर दिन संक्रमण कम होने की वजह से दो महीने बाद राजधानी के अस्पतालों में 19840 बिस्तर खाली हैं, जो कुल क्षमता का करीब 80 फीसदी है। इनके अलावा कंटेनमेंट जोन भी 60 हजार से घटकर 20241 तक पहुंच गए हैं। जानकारी के अनुसार दिल्ली के 11 में से पांच जिलों में अभी भी संक्रमण दर पांच फीसदी के आसपास है, जिसे नियंत्रण में लाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
टीकाकरण को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी है कि पिछले एक दिन में 53918 लोगों को वैक्सीन दिया है जिनमें 38784 ने पहली और 15134 ने दूसरी खुराक हासिल की है। अब तक राजधानी में 41.40 लाख लोगों को पहली और 12.03 लाख को दूसरी खुराक लग चुकी है।