नई दिल्ली में एक शख्स के शरीर के तापमान की जांच करता सुरक्षा कर्मी।
- फोटो : PTI
दिल्ली में कोरोना के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसे देखते हुए एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की कोविड-19 की रैंडम जांच करने का फैसला लिया गया है। जिस राज्य में संक्रमण ज्यादा है वहां से दिल्ली आने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी। इसके साथ ही मास्क, समाजिक दूरी के नियम भी कड़े कर दिए गए है। वैक्सीन लगाने की मुहिम को और तेज करने का निर्णय लिया है।
दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल की अध्यक्षता में दिल्ली आपदा प्रबंधन विभाग की बैठक सोमवार को हुई। बैठक में फैसला लिया है गया कि कोविड-19 की रैंडम जांच की जाए। कोरोना संक्रमण में लगातार बढ़ोतरी को ध्यान में रख सतर्कता बरती जाए। जो लोग मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन नहीं करेंगे उन पर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में होली त्योहार को लेकर भी चर्चा की गई। फिलहाल प्रतिबंध का कोई निर्णय तो नहीं लिया गया, लेकिन आपदा प्रबंधन विभाग इसे लेकर गाइडलाइन जारी कर सकती है।
उपराज्यपाल अनिल बैजल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, स्वास्थ्य मंत्री सतेंद्र जैन, कैलाश गहलौत, मुख्य सचिव, एम्स के डायरेक्टर डॉ आर गुलेरिया, एम्स के डॉ. प्रो. बलिराम भार्गव समेत कई अधिकारी मौजूद थे। उपराज्यपाल कार्यालय द्वारा जारी ट्वीट में कहा गया है कि कोविड-19 के बढ़ने पर व टीकाकरण अभियान की समीक्षा की गई। विशेषज्ञों ने क्लस्टर आधारित सर्विलांस सिस्टम के माध्यम से कोविड-19 संक्रमण की रोकथाम करने का सुझाव दिया। लिहाजा सर्विलांस सिस्टम से कोविड-19 के रोकथाम के लिए नजर रखी जाएगी। संक्रमण की जांच में और तेजी लाई जाएगी।