मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ स्वास्थ्य सूचना प्रबंधन प्रणाली (एचआईएमस) परियोजना की समीक्षा बैठक की। इस बैठक में ई-स्वास्थ्य कार्ड जारी करने की परियोजनाओं पर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के लोगों को अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि (एचआईएमएस)दिल्ली सरकार की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक है। इसके तहत राजधानी के सभी निवासियों के नाम से ई-हेल्थ कार्ड जारी किए जाएंगे।
इससे सभी लोगों को सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के लाभों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। हेल्थ कार्ड जारी करने के बाद, इसे स्वास्थ्य सूचना प्रबंधन प्रणाली के साथ जोड़ा जाएगा। एचआईएसएस के तहत दिल्ली वासियों की स्वास्थ्य जानकारी का डाटाबेस स्टोर करने के लिए विभिन्न सुविधाओं जैसे वेब पोर्टल, मोबाइल एप आदि लॉन्च किए जाएंगे।
इसके साथ ही, दिल्ली एकमात्र ऐसा राज्य बन जाएगा, जिसके पास क्लाउड आधारित हेल्थ मैनेजमेंट सिस्टम होगा। भविष्य में निजी अस्पतालों को भी यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। केजरीवाल ने विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस परियोजना को तय समय के अंदर पूरा किया जाना जाए।
उन्होंने कहा कि एचआईएसएस के तहत स्वास्थ्य सेवा प्रक्रिया को सरल बनाया जाएगा। सभी रोगी देखभाल सेवाओं, अस्पताल प्रशासन, बजट, योजना, आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन और प्रक्रियाओं को इसके अंतर्गत लाया जाएगा। पूरा मॉडल कंप्यूटर आधारित होगा। यह लोगों को एक स्थान पर ही सभी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए सक्षम होगा, जिससे उन्हें आपातकालीन मामलों में मदद मिलेगी।