स्कूल खुलने पर छात्रों के स्वागत के लिए मनीष सिसोदिया भी गांधी नगर स्थित कन्या विद्यालय पहुंचे। यहां पहुंच उन्होंने छात्राओं से बातचीत भी की। उन्होंने कहा कि यदि छात्र कोरोना नियमों का पालन करे तो स्कूल का जीवन भी सामान्य हो जाएगा। इस दौरान उन्होंने स्कूल में सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।
सिसोदिया ने कहा कि सरकार कोरोना के जीरो मामले होने का इंतजार नहीं कर सकती है। क्योंकि, इससे छात्रों की पढ़ाई का अधिक नुकसान होगा। इसको देखते हुए सरकार को स्कूल खोलने का निर्णय लेना पड़ा है। उन्होंने कहा कि माहमारी के दौरान स्कूल खोलना काफी चुनौतीपूर्ण रहा है, लेकिन सरकार ने इसे स्वीकार किया है।
10वीं व 12वीं के बाद अब 9वीं और 11वीं के छात्र भी स्कूल आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल खोलना संकेत करता है कि अब जिंदगी फिर पटरी पर लौट रही है। वहीं, स्कूल खोलना हमारी जिम्मेदारी है। इस दौरान छात्रों ने सिसोदिया से आगामी परीक्षाओं को ऑफलाइन कराने की अपील की जिससे बेहतर तैयारी हो सके।
हमारे बच्चे स्कूलों को बहुत याद कर रहे हैं। कोरोना से बचाव के साथ हमें बच्चों को स्कूल के माहौल में वापस लाना है। धीरे-धीरे ही सही बच्चों की स्कूली जिंदगी की खुशियां व रौनक अब वापस लौट रही हैं।
-अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री