बायोडायवर्सिटी पार्क के साथ ही अब सिटी पार्क को भी विकसित किया जा रहा है। बढ़ते प्रदूषण को ध्यान में रखते हुए दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) इस मुहिम में जुटा है। डीडीए ने करमपुरा के शिवाजी नगर में पार्क को विकसित किया है। सेंट्रल दिल्ली के 128 एकड़ में विकसित पार्क से करमपुरा, शिवाजी नगर व कैपिटल ग्रींस व आसपास के इलाके में रहने वाले लोगों को भी इससे फायदा मिलेगा।
करीब 19 हजार पेड़ वाले इस पार्क में हरियाली भरपूर है। लिहाजा, यह एक रमणीय स्थल के तौर पर विकसित हुआ है। डीडीए अधिकारी के अनुसार, जल्द ही पार्क में कुछ विशेष किस्म के वनस्पति पौधे व फूल आदि से जुड़़ीं प्रजातियों को भी लगाया जाएगा। पार्क के जरिये पूरे वातावरण और ईको सिस्टम में सुधार किया गया है। इसे बायोडायवर्सिटी पार्क की तर्ज पर बनाया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि प्रवासी पक्षियों का आश्रय भी यहां बनने लगा है। यहां सुरक्षाकर्मियों के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। स्थानीय निवासी भावना व अनिकेत ने बताया कि बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक पार्क में सैर करने पहुंच रहे हैं। स्कूल बंद होने की वजह से खेलने के लिए भी अब बेहतर पार्क मिल गया है।