नई दिल्ली। कोरोना महामारी ने राजधानी को सात महीने पुराने हालात में धकेला दिया है। एक तरफ दैनिक मामलों की वजह से दिल्ली पिछले साल में आई लहर के बराबर पहुंच गई है, वहीं संक्रमण दर में लगातार इजाफा होने से सभी जिले गंभीर श्रेणी में आ गए हैं। यह हालात महज आठ दिन में बदले हैं। इस दौरान एक लाख से ज्यादा लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आए हैं और 53 मरीजों ने अस्पतालों में दम तोड़ दिया। हालांकि, पिछली और वर्तमान लहर के बीच बड़ा अंतर अस्पतालों में भर्ती रोगियों की संख्या के रूप में देखने को मिल रहा है। पिछले साल अप्रैल से मई के बीच अस्पतालों में बिस्तरों का संकट था, लेकिन अभी 13 फीसदी बिस्तर पर ही मरीज हैं।
आंकड़ों के अनुसार, एक से आठ जनवरी के बीच दिल्ली में 1,01,519 लोग संक्रमित हुए और 53 मरीजों की मौत हुई। वहीं, एक जून 2021 से 31 दिसंबर तक दिल्ली में कुल 21,913 लोग संक्रमित हुए थे। यानी बीते सात महीने की तुलना में पांच गुना अधिक मरीज आठ दिन में ही मिले हैं। उस दौरान 410 लोगों की मौत हुई थी।
दैनिक संक्रमण दर की बात करें तो आठ मई 2021 को आखिरी बार 23 फीसदी नमूने एक दिन में संक्रमित मिले थे, लेकिन रविवार को स्वास्थ्य विभाग ने 23.53 फीसदी नमूने संक्रमित मिलने की जानकारी दी है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मान रहे हैं कि अगले दो से तीन दिन में दिल्ली पिछले साल की लहर को पार करेगी। आशंका व्यक्त की है कि शायद पांचवीं लहर का पीक इस बार 30 हजार दैनिक मामलों से भी अधिक हो सकता है।
फरवरी मध्य तक आ सकता है दिल्ली में पीक
कोविड विशेषज्ञ डॉ. कमलजीत सिंह कैंथ का कहना है कि दिल्ली में अभी और भी मामले रोजाना देखने को मिल सकते हैं। अनुमान है कि फरवरी मध्य तक इस लहर का पीक आ सकता है, जो करीब एक लाख दैनिक मामलों तक पहुंच सकता है। हालांकि, अस्पतालों में भर्ती होने की दर काफी कम है, जिसकी वजह से बहुत अधिक चिंता नहीं देखने को मिल रही है। यह भी सच है कि एचआईवी और टीबी संक्रमित रोगियों में इस तरह के वायरस के म्यूटेशन की आशंका अधिक रहती है, लेकिन अभी तक अध्ययनों में यह भी पता चला है कि कोरोना के म्यूटेशन लगभग सामने आ चुके हैं और कोई नया बड़ा म्यूटेशन नहीं होगा। इस आधार पर यह माना जा सकता है कि इस लहर के बाद दिल्ली में कोरोना संक्रमण अन्य फ्लू की तरह ही सक्रिय रहेगा।
दो दिन में ही 43 हजार संक्रमित
आठ और नौ जनवरी को ही दिल्ली के 43 हजार लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आए हैं। आठ जनवरी को एक दिन में 20181 लोग संक्रमित मिले थे, जबकि नौ जनवरी को यह संख्या 22751 दर्ज की गई। अगर सात जनवरी को मिले 17335 मरीज इसमें जोड़ते हैं तो 1,01,519 में से 60,267 लोग बीते तीन दिन में कोरोना की चपेट में आए हैं और इन्हीं तीन दिन में 53 में से 33 मरीजों की मौत हुई है।