आजादी के 75वें साल में 75 सप्ताह तक चलने वाले देशभक्ति कार्यक्रमों का सिलसिला आज कनॉट प्लेस से शुरू हो रहा है। पहले दिन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। ‘दिल्ली सेलिब्रेट्स फ्रीडम @ 75 कार्यक्रम के तहत आगामी 75 हफ्तों में दिल्ली समेत पूरे देश में देशभक्ति पर आधारित कार्यक्रम आयोजित होंगे। सरकार का दावा है कि इसके जरिए आम लोगों में देशभक्ति की भावना जगाई जाएगी।
आयोजन के एक दिन पहले अपने संदेश में अरविंद केजरीवाल ने आजादी की 75वीं वर्षगांठ की सभी देशवासियों को बधाई दी है। साथ ही दिल्लीवासियों से अपील की है कि सब मिलकर अपने स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों के सपनों का भारत बनाएंगे। उन्होंने प्रभु श्रीराम के रामराज की अवधारणा को सार्थक करता हुआ भारत बनाने की बात भी कही।
उधर, सेंट्रल पार्क में शुक्रवार शाम 6 बजे ‘दिल्ली सेलिब्रेट्स फ्रीडम @ 75 कार्यक्रम का मुख्यमंत्री उद्घाटन करेंगे। इस दौरान युफोरिया द्वारा लाइव कॉन्सर्ट की प्रस्तुति दी जाएगी। देशभक्ति से ओतप्रोत नुक्कड़ नाटक किए जाएंगे। कनॉट प्लेस के सभी प्रवेश द्वारों पर 500 मीटर की दूरी पर स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े नुक्कड़ नाटकों का आयोजन होगा। मुख्य स्टेज से आयोजन का एलईडी स्क्रीन के जरिए सीधा प्रसारण किया जाएगा। इस अवसर पर कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।
कनॉट प्लेस का सेंट्रल पार्क होगा तिरंगामय
इस अवसर पर कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क को तिरंगामय बनाया जाएगा। खुले एरिया में पेड़ों को रोशनी, झंडों, झालरों और गुब्बारों से सजाया जाएगा। इसके अलावा, तिरंगा वाला ऊंचा हॉट एयर बलून भी आसमान में नजर आएगा। कार्यक्रम में शहीद भगत सिंह और संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. आंबेडकर आदि के प्रेरणादायक जीवन पर आधारित कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
उपराज्यपाल की मुख्य सचिव के साथ आजादी के अमृत महोत्सव पर चर्चा
उपराज्यपाल अनिल बैजल ने बृहस्पतिवार को मुख्य सचिव विजय देव को निर्देश दिया है कि वह एक कमेटी का गठन करें, जो यह सुनिश्चित करेगी कि आजादी का अमृत महोत्सव बेहतर तरीके से आयोजित किया जा सके। केंद्र सरकार के इस कार्यक्रम की शुरुआत शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। उपराज्यपाल ने कार्यक्रम के तैयारियों की समीक्षा की। बैजल ने ट्वीट किया कि उन्होंने मुख्य सचिव से कहा है कि सही तरीके से आजादी के अमृत महोत्सव के आयोजन के लिए एक राज्य स्तरीय कमेटी का गठन करें। इस दौरान कोविड-19 प्रोटोकाल को लागू कराना भी जरूरी है।