फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली में दर्दनाक हादसा: जन्मदिन से पहले ही दुनिया से चला गया देवांश, 30 नवंबर को था बर्थडे; मकान हुआ जमींदोज

Wed, 18 Nov 2026 03:31 PM IST
Sharukh Khan शुजात आलम, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

पूर्वी दिल्ली के शाहदरा जिले के विवेक विहार स्थित ज्वाला नगर में मंगलवार सुबह दो मंजिला पुराना और जर्जर मकान जमींदोज हो गया। रेस्क्यू टीम ने मलबे से चार साल के बच्चे समेत कुल 7 लोगों को निकाला। अस्पताल ले जाने पर देवांश उर्फ लड्डू (4) और पिंटू (35) को मृत घोषित कर दिया गया।
विज्ञापन
शाहदरा के विवेक विहार इलाके में एक पुरानी ग्राउंड-प्लस-एक मंजिला इमारत गिरी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पूर्वी दिल्ली में दिवाली वाले दिन देवांश की बड़ी बहन कायरा (7) पहली मंजिल से नीचे गिरी और टांग में फ्रैक्चर हो गया। परिजनों ने उसे डॉ. हेडगेवार अस्पताल में भर्ती कराया, जहां 15 दिन के लिए डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार जारी है। बेटी की देखरेख की वजह से खुशबू और उसके पति कन्हैया ने बेटे देवांश और छोटी बेटी तृषी को उनकी बुआ के घर न्यू कोंडली भेज दिया।
विज्ञापन


भैयादूज वाले दिन देवांश ने जिद की और वह अपने माता-पिता के साथ न्यू कोंडली से घर वापस आ गया। तृषी अभी बुआ के घर पर ही है। इस बीच मंगलवार को हादसा हुआ और देवांश की मौत हो गई जबकि खुशबू जख्मी हो गई। रोते हुए देवांश की बुआ ने बताया कि अगर वह उनके घर पर रुक जाता था उसकी मौत न होती।
Trending Videos

देवांश के फूफा रूबेल ने बताया कि इसी माह 30 नवंबर को देवांश का जन्मदिन था, वह चार साल का होने वाला था, लेकिन जन्मदिन की खुशियां देखने से पहले ही वह दुनिया को अलविदा कह गया। अब परिवार खुशबू व बड़ी बेटी कायरा के ठीक होने की दुआएं कर रहे हैं। वहीं इकलौटे बेटे की मौत के बाद खुशबू और कन्हैया का रोते-रोते बुरा हाल है।

 

एक परिजन ने बताया कि मूल रूप से बोधगया, बिहार का रहने वाला कन्हैया का परिवार करीब 35 साल पहले काम की तलाश में दिल्ली आया था। कन्हैया के परिवार में पिता सुरेश पासवान के अलावा छोटा भाई राहुल, दो शादीशुदा बहनें, कन्हैया की पत्नी खुशबू और इनके बच्चे कायरा, तृषी है, जबकि बेटे देवांश की हादसे में मौत हो गई। 

सुरेश पासवान शाहदरा में एक दुकान पर काम करते हैं। वहीं राहुल टेप बनाने वाली फैक्टरी में काम करता है। कन्हैया शाहदरा में सिलाई की फैक्टरी में काम करता है। मंगलवार सुबह देवांश के दादा काम पर चले गए थे। चाचा राहुल फैक्टरी चले गए थे। कन्हैया बेटी के साथ अस्पताल में मौजूद थे।

दो मंजिला जर्जर मकान जमींदोज, बच्चे समेत दो की मौत, 5 जख्मी

पूर्वी दिल्ली के शाहदरा जिले के विवेक विहार स्थित ज्वाला नगर में मंगलवार सुबह दो मंजिला पुराना और जर्जर मकान जमींदोज हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस व दमकल विभाग को सूचना देने के बाद पड़ोसी बचाव में जुट गए। बाद में रेस्क्यू टीम भी मौके पर पहुंच गई। मलबे से चार साल के बच्चे समेत कुल 7 लोगों को निकाला गया।

 

अस्पताल ले जाने पर देवांश उर्फ लड्डू (4) और पिंटू (35) को मृत घोषित कर दिया गया। घायल हुए अमन उर्फ डब्बा (18), पिंटू का छोटा भाई विकास उर्फ विकेश (32), आकाश (25), दिलीप उर्फ डिंपा (22) और देवांश की मां खुशबू (27) का डॉ. हेडगेवार अस्पताल में उपचार चल रहा है।

 

शुरुआती जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि करीब 30 गज के मकान की छत को गाटर-पटिया से बनाया गया था। मकान 40 साल से अधिक पुराना होने के अलावा रेलवे लाइन के ठीक किनारे था। ट्रेनें गुजरने पर मकान में कंपन होती थी। आशंका व्यक्त की जा रही है कि पुराना-जर्जर मकान कंपन सह न सका और जमींदोज हो गया।

 

शाहदरा जिला के पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि मकान सुरेंद्र सिंह नामक व्यक्ति का है। हादसे की क्या वजह रही, इसकी पड़ताल की जा रही है। क्राइम टीम व एफएसएल ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

हादसा मंगलवार सुबह करीब 10 बजे ज्वाला नगर की गली नंबर-6 में हुआ। यहां करीब 1000 गज के एक पूरे परिसर में छह से सात मकान 25 से 30 गज के बने हुए हैं। इन सभी में अलग-अलग किरायेदार रहते हैं। जो मकान गिरा, उसके ग्राउंड फ्लोर को आगरा निवासी पिंटू नामक नमकीन-गजक बनाने वाले ठेकेदार ने किराये पर लिया हुआ था।

 

पहली मंजिल पर देवांश और खुशबू का परिवार रहता है। ज्यादातर मकानों की छत को गाटर-पटिया से बनाया गया है। मंगलवार को अचानक एक मकान छत के साथ भरभराकर गिर गया। हादसे के समय ग्राउंड फ्लोर पर पिंटू अपने दिव्यांग भाई विकास के अलावा कारीगर आकाश, दिलीप और अमन के साथ मौजूद था। पहली मंजिल पर खुशबू और उसका बेटा देवांश ही मौजूद थे।

 

हादसे के बाद सभी मलबे में दब गए। लोगों ने किसी तरह चार लोगों को पहले मलबे से निकाला। सूचना मिलने के बाद पुलिस के अलावा दमकल विभाग, डीडीएमए, एनडीआरएफ, नगर निगम, एंबुलेंस व बाकी लोग रेस्क्यू के लिए पहुंचे। तीन और घायलों को निकालकर अस्पताल भेजा गया। जहां देवांश और पिंटू को मृत घोषित कर दिया गया।

 
विज्ञापन

दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिए हैं। पुलिस मकान मालिक सुरेंद्र सिंह से पूछताछ कर रही है। सुरेंद्र का दावा है कि उसका मकान काफी समय से जर्जर था, वह मकान खाली करने के लिए कह रहा था। वहीं पिंटू के रिश्तेदारों का कहना है कि उसने ढाई माह पहले ही सुरेंद्र से ग्राउंड फ्लोर नमकीन-गजक बनाने के लिए किराये पर लिया था।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें