फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली: नरेला में 14.95 लाख से मिलेंगे डीडीए के फ्लैट, 25% छूट के साथ आज से 2516 घरों की बुकिंग

Tue, 20 Oct 2026 05:04 AM IST
Digvijay Singh अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली

सार

दिल्ली में अपना घर खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) किफायती आवास योजना लेकर आया है। डीडीए आवास निवेश योजना-2026 के तहत नरेला में 2516 एलआईजी फ्लैट 25 प्रतिशत छूट के साथ उपलब्ध कराए जाएंगे।
विज्ञापन
डीडीए फ्लैट्स - फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली में अपना घर खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) किफायती आवास योजना लेकर आया है। डीडीए आवास निवेश योजना-2026 के तहत नरेला में 2516 एलआईजी फ्लैट 25 प्रतिशत छूट के साथ उपलब्ध कराए जाएंगे। इनकी संभावित कीमत 14.95 लाख रुपये से शुरू होगी। फ्लैटों की ऑनलाइन बुकिंग 20 अक्तूबर दोपहर 12 बजे से शुरू होगी। पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर इनका आवंटन होगा।

विज्ञापन


अधिकारियों के मुताबिक, उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के मार्गदर्शन में लोगों को किफायती दर पर घर मुहैया कराने के मकसद से योजना लाई गई है। इसके तहत सेक्टर जी-2 से जी-6 के पॉकेट-3 और पॉकेट-6 में फ्लैट उपलब्ध होंगे।  इनमें से 1020 फ्लैट पॉकेट-3 और 1496 फ्लैट पॉकेट-6 में हैं। हर फ्लैट का अनुमानित प्लिंथ एरिया कॉमन एरिया सहित 49.90 वर्ग मीटर है। 25 प्रतिशत छूट के बाद पॉकेट-3 के फ्लैट की संभावित कीमत 15.01 लाख रुपये और पॉकेट-6 के फ्लैट की कीमत 14.95 लाख रुपये रखी गई है। इस तरह सीमित बजट में घर खरीदने की योजना बना रहे लोगों को राजधानी में आवास पाने का अवसर मिलेगा।

एक लाख होगी बुकिंग राशि
योजना के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू है। पंजीकरण और बुकिंग की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है। इच्छुक आवेदक डीडीए के आवास पोर्टल https://eservices.dda.org.in पर आवेदन कर सकते हैं। एक फ्लैट की बुकिंग राशि एक लाख रुपये निर्धारित की गई है। पोर्टल पर पंजीकरण के लिए 2500 रुपये का एकमुश्त गैर-वापसी योग्य शुल्क देना होगा। जो लोग पहले से पोर्टल पर पंजीकृत हैं, उन्हें दोबारा पंजीकरण कराने की जरूरत नहीं है। डीडीए ने आवेदकों को बुकिंग से पहले योजना का विस्तृत ब्रोशर पढ़ने की सलाह दी है, ताकि नियमों और शर्तों की पूरी जानकारी मिल सके। किसी भी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1800 110 332 पर संपर्क किया जा सकता है।
विज्ञापन


डीडीए कर्मयोगी आवास योजना में बुकिंग की समयसीमा बढ़ी
दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने कर्मयोगी आवास योजना 2026 के तहत फ्लैटों की बुकिंग की समयसीमा बढ़ाकर 31 अक्तूबर कर दी है। योजना का लाभ सेवारत और सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी उठा सकते हैं। योजना के तहत नरेला के सेक्टर ए-1 से ए-4 स्थित पॉकेट-6, 9 और 13 में तैयार फ्लैट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। डीडीए इन फ्लैटों की कीमत पर 25 प्रतिशत की विशेष छूट भी दे रहा है। फ्लैटों का आवंटन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट और ई-सेवाओं के पोर्टल पर उपलब्ध है।

मेट्रो, आरआरटीएस और एजुकेशन हब से बढ़ेंगी संभावनाएं
नरेला में प्रस्तावित रिठाला-नरेला-कुंडली मेट्रो कॉरिडोर और आरआरटीएस स्टेशन से भविष्य में कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। अर्बन एक्सटेंशन रोड-एक, दो और जीटी करनाल रोड से सड़क संपर्क भी मिलेगा। सेक्टर जी-2 से जी-6 में एजुकेशन हब विकसित किया जा रहा है, जहां कई विश्वविद्यालयों को जमीन आवंटित की गई है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें