नई दिल्ली। दिल्ली महिला आयोग ने नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुई हिंसा के सिलसिले में गिरफ्तार जामिया समन्वय समिति की मीडिया समन्वयक सफूरा जरगर को लेकर सोशल मीडिया पर की जा रही आपत्तिजनक टिप्पणियों के संबंध में दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
आयोग ने दिल्ली पुलिस के साइबर सेल को टिप्पणी करने वालों पर मामला दर्ज कर कार्रवाई करने के लिए भी कहा है। आयोग ने दस मई तक पुलिस से नोटिस का जवाब मांगा है। आयोग ने पुलिस से एफआईआर की कॉपी, गिरफ्तार लोगों का विवरण और टिप्पणियां हटाने के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी मांगी है।
आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने बताया कि आयोग को कई शिकायतें मिली हैं। सोशल मीडिया पर सफूरा जरगर व उसके अजन्मे बच्चे को लेकर आपत्तिजनक टिप्पण्यिां की जा रही है। इसमें कुछ उसकी गरिमा को नुकसान पहुंचाने और उसके परिवार को धमकाने वाले टिप्पणी हैं। सफूरा के खिलाफ अदालत में मामला लंबित है और वह न्यायिक हिरासत में है। किसी को भी उसकी शालीनता को अपमानित करने और उसे व उसके परिवार को गाली देने का अधिकार नहीं है। नोटिस में पुलिस से ऐसे पर मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने के लिए कहा गया है।