एनटीए की सीनियर डायरेक्टर डॉ. साधना पराशर की ओर से अधिसूचना जारी की गई है। सीयूईटी में पूछे जाने वाले सभी प्रश्न 12वीं बोर्ड परीक्षा के पाठ्यक्रम पर ही आधारित होंगे। इस साल 12वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहे और यदि कोई यूनिवर्सिटी पिछले साल 12वीं बोर्ड परीक्षा पास करने वाले छात्रों को 2022 में दाखिले की अनुमति देती होगी तो वे भी इस सीयूईटी में शामिल हो सकते हैं।
सीयूईटी हिंदी, अंग्रेजी के अलावा कुल 13 भारतीय भाषाओं में आयोजित होगी। छात्र अपनी मनपसंद भाषा चुन सकता है। इसमें मराठी, गुजराती, तमिल, तेलगू, कन्नड़, मलयालम, उर्दू, असमी, बांग्ला,उड़िया, पंजाबी, हिंदी समेत अंग्रेजी होगी। सीयूईटी में अनिवार्य पेपर की परीक्षा इन्हीं भारतीय भाषाओं में से किसी एक में देनी होगी। सीयूईटी में दो पेपर होंगे। पहला पेपर सवा तीन घंटे का होगा। जबकि दूसरा पेपर 3.45 घंटे का होगा।
27 डोमेन में अधिकतम छह विषय चुन सकेंगे
चार वर्षीय स्नातक डिग्री प्रोग्राम के आधार पर सीयूईटी में 27 डोमेन रखे गए हैं। छात्रों को इन 27 में से कम से कम एक और अधिक से अधिक छह डोमेन यानी विषय चुनने का विकल्प मिलेगा। इसमें अकाउंटेंसी या कंप्यूटर अकाउंटेसी, जीव विज्ञान या जीव विज्ञान अध्ययन या बॉयोटेक्नोलॉजी, बिजनेस स्ट्डीज, रसायन विज्ञान, कंप्यूटर साइंस या इंफोरमेटिक्स प्रैक्टिस, अर्थ शास्त्र या व्यावसायिक अर्थ शास्त्र, इंजीनियरिंग ग्राफिक्स, उद्यमिता, भूविज्ञान, इतिहास, गृह विज्ञान, नॉलेज ट्रेडिशन -प्रैक्टिस इन इंडिया, लीगल स्ट्डीज, कमर्शियल आर्ट्स, गणित, शारीरिक शिक्षा या एनसीसी, फिजिक्स, राजनीतिक विज्ञान, मनोविज्ञान, सामाजिक विज्ञान, शिक्षण अभियोज्ञता, कृषि, मास मीडिया या मास कम्यूनिकेशन, एंथ्रोपोलॉजी, फाइन ऑर्ट या विजुअल ऑर्ट( स्कलपचर या पेटिंग) परफार्मिंग ऑर्ट्स (डांस, कथक, भरतनाट्यम, कत्थकली, ओडिसी, ड्रामा, थियेटर, म्यूजिक जनरल, हिंदोस्तानी, संगीत, पर्शियन-नॉन पर्शियन और संस्कृत विषय होंगे।
ऐसा होगा परीक्षा का पैटर्न
सीयूईटी के तीन सेक्शन होंगे। सेक्शन ए यानी हिंदी, अंग्रेजी समेत 13 भारतीय भाषा पर आधारित पेपर होगा। यह सभी छात्रों के लिए अनिवार्य रहेगा। इस सेक्शन में 50 सवाल होंगे, जिसमें से 45 मिनट में 40 का जवाब देना होगा। जबकि सेक्शन 1 बी विदेशी भाषा या फिर साहित्य की पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए वैकल्पिक रहेगा। यह उन छात्रों के लिए होगा, जोकि बीए फ्रेंच आदि में स्नातक डिग्री की पढ़ाई करना चाहते होंगे। इसमें फ्रेंच, स्पेनिश, जर्मन, नेपाली, पर्शियन, इटेलियन, अरेबिक, सिंधी, कश्मीरी, कोकंणी, डोगरी, मैथली, मणीपुरी, तिब्तयन, चाइनीज, रशियन, जापानी, बोड़ो भाषा होगी। छात्र इनमें से अपनी मनपसंद चुन सकता है।
वहीं, सेक्शन बी अनिवार्य पेपर होगा। इसमें छात्र को अपने मनपसंद डोमेन में से कम से कम एक और अधिक से अधिक छह डोमेन यानी विषय चुनने होंगे। इस पेपर में छात्रों को हिंदी, अंग्रेजी समेत 13 भारतीय भाषाओं में लिखने का विकल्प मिलेगा। यहां पर 50 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे, इसमें से 45 मिनट में 40 का उत्तर देना होगा। जबकि सेक्शन सी जनरल पेपर होगा। इसमें सामान्य ज्ञान आदि के प्रश्न पूछे जाएंगे। इसमें 75 सवालों में से 60 का उत्तर देना होगा। इसके लिए छात्र को 60 मिनट का समय मिलेगा।