कहासुनी होने पर शालीमार बाग में युवक की चाकू गोदकर कर दी थी हत्या
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तर पश्चिम जिला स्पेशल स्टाफ ने हत्या के मामले में वांछित बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। बदमाश की पहचान शालीमार बाग निवासी गुड्डू के रूप में हुई है। इसके कब्जे से पुलिस ने एक पिस्टल, खोखा और कारतूस बरामद किए हैं।
बदमाश पर हत्या, हत्या का प्रयास, दुष्कर्म सहित कई मामले दर्ज हैं। जिला पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि 25 अगस्त को शालीमार बाग के हैदरपुर कॉलोनी में हर्ष मिश्रा को चाकू मारने की जानकारी मिली थी। पीड़ित की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। सीसीटीवी कैमरे की जांच में हत्या में गुड्डू के शामिल होने का पता चला। उसके बाद पुलिस ने उस पर निगरानी बढ़ाई, साथ ही मुखबिरों को सक्रिय किया। 18 सितंबर को हवलदार सत्य नरेंद्र को सूचना मिली कि आरोपी गुड्डू इलाके में आने वाला है। इंस्पेक्टर सोमवीर सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। रात करीब एक बजे मुनक नहर के पास घेराबंदी कर दी। तभी एक संदिग्ध व्यक्ति सीए ब्लॉक झुग्गियों की ओर से एकता कैंप झुग्गियों की तरफ आते दिखा। मुखबिर ने उसकी पहचान गुड्डू के रूप में की। पुलिस टीम ने उसे आत्मसमर्पण करने को कहा लेकिन आरोपी भागने लगा। उसने पिस्टल से पुलिस टीम पर गोली चला दी। गोली हवलदार नरसी राम की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक गोली बदमाश के दाहिने पैर में लगी, जिससे वह गिर पड़ा।