- 16 साल से फरार था आरोपी, दिल्ली पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी रखा हुआ था इनाम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने बिंदापुर थाना इलाके के नृशंस हत्या और सिर काटने के मामले में वांछित बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले 16 वर्ष से फरार था। दिल्ली पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम रखा था।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त आदित्य गौतम ने बताया बिंदापुर थाना क्षेत्र में लोहे के बक्से में एक सिरविहीन शव 5 जनवरी 2009 को मिला था। जांच के दौरान शव की पहचान हरीश चंद उर्फ बबलू के रूप में हुई। जांच से पता चला कि उसके रिश्तेदार बनारसी लाल का उससे पैसों का विवाद था। आरोपी बनारसी लाल ने अपने साथी आशिक अली के साथ मिलकर हत्या की और अपराध छिपाने के लिए शव और सिर को अलग-अलग ठिकाने लगा दिया। वारदात के बाद आशिक अली फरार हो गया था। अदालत ने आशिक अली को 2011 में भगोड़ा घोषित कर दिया था। इस केस में बनारसी लाल को गिरफ्तार किया गया था। मामले में उसपर आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई। उत्तर प्रदेश के कुशी नगर निवासी आरोपी आशिक सूरत के भैया नगर, सूरत, गुजरात में रहता था और दर्जी का काम करता था। घटना के बाद, वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ अपना ठिकाना बदलता रहा। वह लगभग चार साल से सूरत में रह रहा था।