पिछले दिनों कई देशों में हुए आतंकी हमले के बाद भारत में भी लंदन जैसे हमले की इनपुट मिले हैं। खुफिया एजेंसियों ने सुरक्षा बलों को सावधानी बरतने की हिदायत दी है, जिसके बाद से राजधानी अलर्ट पर है। खुफिया एजेंसियों ने आशंका जताई है कि ईद पर भीड़ वाले स्थानों को आतंकी अपना निशाना बना सकते हैं।
खुफिया एजेंसियों के इनपुट के बाद दिल्ली पुलिस ने भी दिल्ली में सतर्कता बढ़ा दी है। इससे पूर्व खुफिया एजेंसियों ने विश्व योग दिवस पर भारत में सतर्कता बरतने के लिए कहा था।
एजेंसियों के इनपुट के बाद दिल्ली में जगह-जगह बेरीकेड लगाकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस की सभी जांच एजेंसियों अपराध शाखा, स्पेशल सेल, लोकल पुलिस और स्पेशल ब्रांच सतर्क हैं।
खासतौर पर बीट स्टॉफ और आम लोगों से कहा जा रहा है कि किसी भी संदिग्ध के दिखाई देने पर वह वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की सूचना दें। कोई भी अनजान शख्स आपके पड़ोस में आकर रुका है और उस पर आप को शक है तो उसकी भी सूचना पुलिस को दें।
इनपुट के बाद एयरपोर्ट, मॉल, रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन सिनेमा घर और अन्य भीड़ वाले बाजारों में चौकसी बढ़ा दी गई है। खासकर जिन बाजारों में ईद की खरीदारी की जा रही है, वहां पर चौकसी और बढ़ा दी गई है।