आनंद विहार बस अड्डे पर युवती से छेड़छाड़, कंडेक्टर सस्पेंड
-लिखित शिकायत के बाद जांच में जुटा रोडवेज प्रबंधन
-26 अप्रैल को युवती ने पटपड़गंज थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली/रामनगर (नैनीताल) दिल्ली के आनंद विहार आईएसबीटी पर उत्तराखंड रोडवेज की बस में एक युवती से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना गत 22 अप्रैल की रात करीब 3 बजे की है। बस में मौजूद कंडक्टर ने युवती को रात होने की वजह से बस में रुकने की सलाह दी। इसके बाद आरोपी ने पीड़िता के साथ छेड़छाड़ करने लगा। 26 अप्रैल को पीड़िता ने दिल्ली के पटपड़गंज थाने में पहुंचकर पुलिस से मामले की शिकायत की। पुलिस ने छेड़छाड़ की धाराओं में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उधर, परिजनों की शिकायत पर रोडवेज प्रबंधन ने कंडक्टर को सस्पेंड कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक 23 वर्षीय पीड़िता परिवार के साथ काशीपुर, उधमसिंह नगर, उत्तराखंड में रहती है। वह गुरुग्राम स्थित एक कैफे में सुपरवाइजर की नौकरी करती है। 22 अप्रैल की शाम वह राम नगर डिपो (उत्तराखंड) की बस से काशीपुर से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। उसे घर से अपनी नौकरी पर पहुंचना था। बस में चालक बहादुर सिंह व कंडक्टर प्रदीप सिंह मौजूद थे। काशीपुर से चलकर बस देर रात करीब 2.40 बजे आनंद विहार आईएसबीटी पहुंच गई। बस अड्डे में सभी सवारियां उतर गईं। पीड़िता रात अधिक होने के कारण बस में ही बैठी रही। उसने कंडक्टर से गुरुग्राम के लिए सवारी के बारे में पूछताछ की। आरोपी प्रदीप ने उससे कहा कि देर रात को सफर करना सुरक्षित नही है। वह रात को बस में ही रुक जाए। पीड़िता ने प्रदीप की बात मान ली। आरोप है कि कुछ देर बाद ही प्रदीप ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। शोर मचाने पर आरोपी वहां से चला गया। पीड़िता बस से उतरी और सुरक्षित स्थान पर आ गई। उसने अपने पिता को कॉल कर सारी बात बताई। सुबह होते ही पीड़िता मेट्रो में सवार होकर गुरुग्राम पहुंच गई। उधर दो दिन बाद युवती के परिजनों ने रामनगर डिपो पहुंचकर कंडक्टर के खिलाफ एआरएम से लिखित शिकायत की। इसके बाद रोडवेज प्रशासन ने कंडक्टर प्रदीप सिंह को सस्पेंड कर दिया। पीड़िता ने 26 अप्रैल को पटपड़गंज थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत की। पुलिस ने छानबीन के बाद मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि पुलिस स्टेशन से आनंद विहार बस अड्डे पर तैनात क्लर्क सुनील भटनागर पर भी कंडक्टर को पेश करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। एआरएम मोहनराम आर्या और स्टेशन प्रभारी नवीन आर्या ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद कंडक्टर को सस्पेंड कर दिया है तथा विभागीय जांच चल रही है।