पॉश कॉलोनियों में सेंधमारी करने वाले आठ धरे
- गिरफ्तार बदमाशों में एक डांसर व यू-ट्यूबर भी शामिल
- चोरी की रकम से खरीदी गई एसयूवी समेत 12 लाख के जेवर भी बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
राजधानी के पॉश कॉलोनियों में दिनदहाड़े सेंधमारी करने वाले आठ बदमाशों को निजामुद्दीन थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में एक डांसर व यू-ट्यूबर भी शामिल है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से करीब 12 लाख रुपये कीमत के जेवरात, वारदात में इस्तेमाल बाइक व चोरी की रकम से खरीदी गई स्कॉर्पियो और बीट कार बरामद की है।
पुलिस उपायुक्त चिन्मय बिश्वाल ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों की पहचान दीपक उर्फ दीपू, अरुण कुमार, हर्ष, कप्तान, अंकित, विशाल, अमन और आकाश के रूप में हुई है। सभी भलस्वा डेयरी, जहांगीरपुरी और मालवीय नगर के रहने वाले हैं। दीपक गैंग का सरगना है उस पर पहले से 22 मामले दर्ज हैं। सभी बदमाश नशे के आदी हैं और इन पर पहले से कई मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक इमनें अरुण का परिवार मुंबई में रहता है जबकि वह दिल्ली के मालवीय नगर में रहता है। वह पेशे से डांसर और यू-ट्यूबर है। नशे की वजह से वह गलत संगत में पड़कर सेंधमारी करने लगा। अरुण पर पहले से 11 मामले दर्ज हैं।
उन्होंने बताया कि 23 दिसंबर को अमरजीत सिंह मारवाह ने घर में चोरी की शिकायत की। साथ ही पीड़ित ने पुलिस को सीसीटीवी कैमरे का फुटेज सौंपा। घर से लाखों के जेवरात व नकदी की चोरी की गई थी। थाना प्रभारी सतेंद्र मोहन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने करीब 30 सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की जांच की। जांच के दौरान पुलिस ने घर के पास बाइक पर दो लोगों को संदिग्ध हालात में देखा गया। जिनकी पहचान करने में पुलिस जुट गई। जांच में पता चला कि बाइक पर दिख रहा एक व्यक्ति दीपक है जिस पर सेंधमारी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दीपक और अरुण को भलस्वा डेयरी से गिरफ्तार कर लिया। इनसे पूछताछ कर पुलिस ने अन्य छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
रेकी के बाद कार से पहुंचकर करते थे वारदात
बदमाशों ने पुलिस को बताया कि वारदात को अंजाम देेने से पूर्व अरुण इलाके की रेकी करता था। जगह की पहचान करने के बाद वह अपने सहयोगियों को बुलाता था। सभी बदमाश कार से मौके पर पहुंचकर कुछ ही देर में वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते थे। जांच के बाद पुलिस ने बताया कि सरगना दीपक के पास दो चाइनीज मोबाइल फोन थे। जिसका इस्तेमाल वह चोरी के समय वॉकी टॉकी की तरह करता था और अपने गैंग के सदस्यों के संपर्क में रहता था।