500 रुपये न देने पर चाकू मारा, हालत गंभीर
- खुद को इलाके का दादा बताकर मांगे थे पैसे
- शोर मचाने पर एक आरोपी को भीड़ ने दबोचा, दूसरा हो गया मौके से फरार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
जगतपुरी इलाके में 500 रुपये न देने पर घर में घुसकर युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। शोर होने पर जुटी भीड़ ने एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि उसका दूसरा मौके से फरार हो गया। बाद में आरोपी की पिटाई लगाकर उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। आरोपी की पहचान साजिद उर्फ जॉनी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस उसके फरार साथी सलमान की तलाश कर रही है। पीड़ित को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
पुलिस के मुताबिक पीड़ित विशाल परिवार के साथ चंदू पार्क, जगतपुरी में रहता है। विशाल की गैस चूल्हे की दुकान है। शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे वह अपनी गली में टहल रहा था। इसी बीच जगतपुरी के रहने वाले साजिद और सलमान नामक युवक वहां पहुंचे। दोनों आरोपियों ने खुद को इलाके का दादा बताकर विशाल से 500 रुपये देने के लिए कहा। विशाल ने रुपये देने की बात से इनकार किया तो आरोपी चाकू मारने की धमकी देने लगे। आरोपियों के चाकू निकालते ही विशाल भागकर अपने घर में घुस गया। इसी दौरान आरोपी भी उसे पीछे-पीछे घर में घुस गए। आरोपियों ने विशाल को चाकू मार दिया। घायल होने पर विशाल चिल्लाया तो उसका भाई दीपक व अन्य लोग वहां पहुंच गए। लोगों ने साजिद को पकड़ लिया, जबकि सलमान मौके से फरार होने में कामयाब हो गया। जगतपुरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।