झपटमारी का शतक बनाने वाला बदमाश हत्थे चढ़ा
कई मामले सुलझे, लूटे गए तीन मोबाइल व चोरी की तीन बाइक बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मध्य जिले की स्पेशल स्टाफ पुलिस ने झपटमारी का शतक बनाने वाले एक बदमाश को दबोचा है। आरोपी की पहचान राजीव उर्फ मोटा के रूप में हुई है। आरोपी की गिरफ्तारी से झपटमारी और वाहन चोरी के कई मामले सुलझे हैं। पुलिस ने इसके पास से लूटे गए तीन मोबाइल व चोरी की तीन बाइक बरामद की हैं। आरोपी गुलाबी बाग थाने का घोषित बदमाश है।
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त मंदीप सिंह रंधावा ने बताया कि शुक्रवार को उनकी टीम को सूचना मिली कि एक बदमाश चोरी के मोबाइल के साथ रानी झांसी रोड पर आने वाला है। सूचना के बाद पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ के लिए जाल बिछा दिया। इस बीच आरोपी चोरी की बाइक से देर रात वहां पहुंचा। इसी दौरान पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। उसके पास से लूटे गए तीन मोबाइल फोन व चोरी की तीन बाइक बरामद हुईं।
छानबीन के दौरान पता चला कि आरोपी ने बाइक को गुलाबी बाग से चोरी किया था। आरोपी बाइक चोरी कर उससे झपटमारी की वारदात को अंजाम देता था। बाद में बाइक को लावारिस छोड़ देता था। आरोपी ने खुलासा किया कि वह 100 से अधिक वारदात को अंजाम दे चुका है।