नाबालिग की मदद से शराब बेच रही महिला को दबोचा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अमन विहार इलाके में एक नाबालिग की मदद से पुलिस ने अवैध शराब बेच रही महिला को गिरफ्तार किया। उसके पास से 78 पौवे देसी शराब मिली है। आरोपी की पहचान मीना के रूप में हुई है। पुलिस ने गिरफ्तार महिला पर आबकारी अधिनियम और जुबनाइल जस्टिस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
अमन विहार थाने के प्रेम नगर चौकी में तैनात सिपाही प्रदीप सहयोगी सिपाही के साथ रात में गश्त कर रहा था। जे ब्लॉक के पास पुलिसकर्मियों ने एक नाबालिग को शराब का पौवा लेकर आते रोक लिया। बताया जा रहा है कि नाबालिग अपने पिता के लिए शराब लेकर आ रहा था। उसने पुलिसकर्मियों को बताया कि पास की गली में एक महिला शराब बेच रही है। पुलिसकर्मी नाबालिग को लेकर उस गली तक पहुंची। वहां एक महिला अपने घर के सामने कुर्सी लगाकर एक कट्टे में शराब लेकर बेच रही थी। पुलिसकर्मियों ने चौकी में सूचना देकर एक महिला सिपाही को मौके पर बुलाया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।