सिर्फ दो मिनट में लूट ले गए 15 लाख
करोल बाग के आर्य समाज रोड पर कारोबारी के कर्मचारी से बैग छीन ले गए बाइक सवार बदमाश
- कारोबारी की बेटी ने दिया था बैग, सड़क पार करते ही वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मध्य दिल्ली के करोल बाग इलाके में मंगलवार दोपहर बाइक पर सवार दो बदमाश ऑटो पार्ट्स कारोबारी महेश मनूचा (55) के कर्मचारी से महज दो मिनट में 15 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। कारोबारी की बेटी प्रीत विहार स्थित ससुराल से रुपये लाई थी और पिता के कहने पर कर्मचारी को दिए थे। सड़क पार कर कर्मचारी अपने दफ्तर के सामने पहुंचा, अचानक बाइक सवार बदमाशों ने उसके हाथ से रुपयों का बैग छीना और हनुमान मंदिर की ओर फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक, परिवार के साथ निर्माण विहार इलाके में रहने वाले महेश मनूचा का करोल बाग के आर्य समाज रोड पर ऑटो स्पेयर पार्ट्स का दफ्तर है। मंगलवार दोपहर उन्होंने प्रीत विहार में रहने वाली बेटी अनीश मनूचा से 15 लाख रुपये लेकर आने को कहा। अनीश रुपये लेकर कार से पिता के दफ्तर के सामने पहुंचीं और 12:17 बजे पिता को फोन कर बताया कि वह रुपये लेकर दफ्तर के दूसरी ओर सड़क पर खड़ी हैं। पिता ने अपने कर्मचारी संजय को बैग देने के लिए कहा। संजय सड़क पार कर अनीश के पास पहुंचा और 12.19 बजे उनसे रुपयों का बैग ले लिया। वह सड़क पार कर अपने दफ्तर के सामने पहुंचा तो पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उसके हाथ से रुपयों का बैग छीना और हनुमान मंदिर की ओर फरार हो गए। संजय बदमाशों के पीछे भागा, लेकिन ने पलक झपकते ही रफूचक्कर हो गए। संजय ने सूचना महेश को दी। सूचना पर पुलिस ने छानबीन के बाद मामला दर्ज कर लिया।