शाहदरा में छात्रा की हत्या करने का मामला:
साजिश रचने के बाद की छात्रा की हत्या
- दोनों ने पहले साथ क्रास रिवर मॉल में देखी मूवी, बाद में निर्माणाधीन इमारत में ले गया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी छात्र ने बताया कि वह छात्रा की तीन गली छोड़कर उसका पड़ोसी है। करीब तीन साल पूर्व दोनों घर के पास ही एक कोचिंग क्लास में जाते थे। दोनों अलग-अलग स्कूल में पढ़ते हैं। कुछ समय पूर्व किसी बात पर छात्रा ने आरोपी छात्र को बुरा-भला कह दिया था। इसके लिए उसे ट्यूशन टीचर ने डांटा भी था। तभी से उसने छात्रा को सबक सिखाने की बात ठान ली थी। मौजूदा समय में दोनों अलग-अलग कोचिंग में जाते थे। आरोपी छात्रा से दोस्ती कर उससे फेसबुक व व्हाट्सऐप पर चैट करने लगा। दोनों अक्सर मिलने भी लगे।
शनिवार को आरोपी छात्र ने पीड़िता को फिल्म दिखाने की बात कर उसे मिलने के लिए बाहर बुलाया। दोनों साथ में क्रॉस रीवर मॉल गए। वहां दोनों ने एक साथ मूवी देखी। वहां से आरोपी छात्रा को बहला-फुसला कर वेलकम मेट्रो स्टेशन के पास निर्माणाधीन इमारत में ले आया। वहां छात्रा को कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ पिला दिया। छात्रा के बेहोश होते ही आरोपी ने उसके मुंह को टेप से बांध दिया। बाद में गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। छात्रा की पहचान छुपाने के लिए आरोपी ने ईंट से उसके सिर और चेहरे पर वार किए। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर ईंट भी बरामद कर ली। इधर छानबीन के दौरान आरोपी छात्र के बैग से छात्रा का मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है।
परिजनों का आरोप फिरौती के लिए हुई हत्या
वहीं छात्रा के परिजन आरोपी छात्र के बदला लेने के लिए उसकी हत्या करने की बात से पूरी तरह इंकार कर रहे हैं। उनका कहना है कि आरोपी छात्र ने अपने दो अन्य दोस्तों के साथ मिलकर फिरौती मांगने के लिए उसकी हत्या कर दी। परिजनों आरोप है कि आरोपी छात्र के साथ मोहल्ले का एक नशेड़ी लड़का व एक अन्य किशोर भी शामिल है। परिजन छात्रा के साथ दुष्कर्म की बात से इंकार नही कर रहे हैं। पुलिस परिजनों के आरोपों के बाद आरोपी लड़कों की तलाश कर उनसे पूछताछ करने की तैयारी कर रही है। उधर आरोपी लड़के से भी पूछताछ की जा रही है।