वाहन छू जाने पर स्कूटी और बाइक सवार की पिटाई
- पुलिस दोनों ही मामलों में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दे रही है दबिश
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। यमुनापार में दो अलग-अलग जगहों पर रोडरेज के मामले सामने आए हैं। वेलकम इलाके में कार सवार चार युवकों ने बाइक सवार चाचा-भतीजे की पिटाई कर दी। वहीं, शकरपुर में स्कूटी छू जाने पर कार चालक ने दोस्तों को बुलाकर स्कूटी सवार युवक और उसके दोस्तों की जमकर पिटाई कर दी। दोनों ही मामलों में घटना को अंजाम देकर सभी आरोपी फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, उत्कर्ष (23) बाबरपुर में रहता है। वह एलएलबी का छात्र है। बृहस्पतिवार को वह बाइक से चाचा राजकुमार के साथ दुकान से घर लौट रहा था। बुध बाजार रोड पर उसकी बाइक एक कार से टकराने से बची। उत्कर्ष ने कार चालक को ठीक से वाहन चलाने की नसीहत दी। गुस्से में आकर कार सवार पांच युवकों ने उत्कर्ष व उसके चाचा के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। घटना को अंजाम देेने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मारपीट का मामला दर्ज कर लिया।
वहीं, दूसरे मामले में शकरपुर इलाके में गाजीपुर निवासी धर्मेंद्र (27) की स्कूटी एक कार से छू गई। इस बात पर कार चालक व स्कूटी सवार आपस में भिड़ गए। उसके बाद दोनों ने फोन कर अपने-अपने दोस्तों को मौके पर बुला लिया। कार चालक ने दोस्तों के साथ मिलकर स्कूटी चालक व उसके एक दोस्त की लाठी-डंडे से पिटाई कर दी। पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो गए। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।