दिल्ली के राजौरी गार्डन थाना क्षेत्र के सुभाष नगर में पुलिस ने क्रिकेट मैच पर सट्टा लगवाने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी एक मकान की पहली मंजिल पर बैठकर ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे क्रिकेट मैच पर सट्टा लगवा रहे थे। पुलिस ने मौके से आठ मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और रुपये गिनने की मशीन बरामद की है। लैपटॉप की जांच में सट्टेबाजी से संबंधित डाटा भी मिला है।
पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी. स्वामी के अनुसार, 21 नवंबर को सुभाष नगर पुलिस को सूचना मिली थी कि एक मकान की पहली मंजिल पर क्रिकेट मैच पर सट्टा खिलाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए ठिकाने पर छापा मारा। यहां दो लोग मोबाइल फोन के जरिए क्रिकेट मैच पर सट्टा लगवाते मिले।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सट्टा लगाने वालों से फोन पर संपर्क कर उन्हें मैच के भाव बता रहे थे। इसके साथ ही लैपटॉप में बेटिंग असिस्टेंट आई-बुक एप्लीकेशन के जरिए सट्टे का पूरा हिसाब-किताब दर्ज किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से आठ मोबाइल फोन, एचपी कंपनी का लैपटॉप और नकदी गिनने की मशीन बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुभाष नगर निवासी सुखविंदर सिंह और पहाड़गंज निवासी सुनील सचदेवा के रूप में हुई है। पुलिस ने राजौरी गार्डन थाने में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।