एम्स निदेशक डॉ. गुलेरिया
- फोटो : ANI
कोरोना की दूसरी लहर ने एक बार फिर लोगों को दहशत में ला दिया है। बढ़ रहे मामलों ने लोगों के मुख पर चिंता की लकीरें खींच दी है। शनिवार को दिल्ली में आठ सौ से अधिक नए मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं दूसरी तरफ कोरोना टीकाकरण भी जोरों से चल रहा है। अब तक चार करोड़ से अधिक लोगों को टीके लग चुके हैं।
टीकाकरण को लेकर एम्स निदेशक रणदीप गुलेरिया ने शनिवार को कहा कि कोविड-19 की वैक्सीन आठ से दस महीने तक संक्रमण से बेहतर सुरक्षा दे सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि वैक्सीन का अभी तक कोई बड़ा दुष्प्रभाव सामने नहीं आया है।
रणदीप गुलेरिया ने आईपीएस एसोसिएशन द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि कोविड-19 की वैक्सीन आठ से दस महीने तक या उससे अधिक भी संक्रमण से बेहतर सुरक्षा दे सकती है। उन्होंने कहा कि मामलों में उछाल का सबसे बड़ा कारण यह है कि लोगों को लगता है कि महामारी खत्म हो गई है, इस वजह से वे कोविड गाइडलाइन्स का पालन नहीं कर रहे हैं।