नई दिल्ली। राजधानी में कोरोना संक्रमण पर तेजी से शिकंजा कसा जा रहा है। बृहस्पतिवार को कुल जांच का आंकड़ा भी 10 लाख पार कर गया। दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, अब तक 10,13,694 लोगों की जांच की जा चुकी है। इनमें 1,34,403 संक्रमित पाए गए, जबकि 1,17,724 मरीज ठीक हो चुके हैं। हालांकि, 3936 लोग संक्रमण के कारण दम तोड़ चुके हैं।
हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 1093 नए मामले आए और 29 रोगियों की मौत हो गई। विभिन्न अस्पतालों से इलाज के बाद 1091 मरीजों की छुट्टी दे दी गई। राजधानी में फिलहाल 10,743 सक्रिय मरीज हैं। कोविड अस्पतालों में इस समय 15,634 बेड उपलब्ध हैं। इनमें से 12,980 बेड खाली हैं।
राजधानी में प्रति 10 लाख की आबादी पर 53,352 जांच हो रही है। संक्रमण दर 5.6 फीसदी रही। बीते 24 घंटों में कुल 19,475 लोगों के टेस्ट हुए। इनमें 13,944 एंटिजन किट से और 5531 आरटी-पीसीआर जांच हुई।