नई दिल्ली। एक तरफ जहां लोग कोविड-19 महामारी को झेल रहे है वहीं सरिता विहार पुलिस ने एक ऐसे शख्स को फरीदाबाद, हरियाणा से गिरफ्तार किया है जो दिल्ली के अस्पतालों में चोरी करता था। आरोपी अपोलो अस्पताल की सीसीटीवी फुटेज से पुलिस के हत्थे चढ़ा। पुलिस ने इस गिरफ्तारी से अस्पतालों में चोरी की छह वारदातों को सुलझाने का दावा किया है। आरोपी अशोका होटल में भी चोरी कर चुका है।
दक्षिण-पूर्व जिला डीसीपी आरपी मीणा के अनुसार शिकायतकर्ता महिला की मां अपोलो अस्पताल में भर्ती थी। वह अपनी मां के साथ अस्पताल में ही रुकती थी। 22 जुलाई को किसी ने उनका हैंडबैग चुरा लिया। हैंडबैग में पेन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, एप्पल के दो मोबाइल, क्रेडिट कार्ड और 15 हजार रुपये थे। महिला की शिकायत पर सरिता विहार थाने में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस टीम ने अपोला अस्पताल की सीसीटीवी फुटेज को खंगाला तो आरोपी का फोटो मिल गया। इसके बाद पुलिस ने यह फोटो कई व्हाट्सएप ग्रुप में डालकर उसका मोबाइल नंबर हासिल कर लिया। इसके बाद हौजकाजी, दिल्ली निवासी जामिल खान (50) को पल्ला बाईपास, फरीदाबाद, हरियाणा स्थित उसके किराए के घर से 29 जुलाई को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने इससे 5500 रुपये, दो मोबाइल फोन और दो लैपटॉप बरामद किए। आरोपी ने दोनों लैपटॉप होली फैमिली अस्पताल से चुराए थे। आरोपी कुछ काम नहीं करता था। अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए ये अस्पताल, होटल और हॉस्टल आदि में चोरी करता था।