प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बंगाल के कोयला चोरी घोटाले और पशु तस्करी मामले में मंगलवार को टीएमसी नेता विनय मिश्रा के भाई विकास मिश्रा को गिरफ्तार किया। ईडी अधिकारियों के मुताबिक, विकास को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है। ईडी ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे छह दिन की हिरासत में भेज दिया गया है।
प्रवर्तन निदेशालय और सीबीआई कोयला चोरी मामले और पशु तस्करी मामले में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रही है। कोयला चोरी मामले में सीबीआई टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी की पत्नी और रिश्तेदारों से भी पूछताछ कर चुकी है। वहीं पशु तस्करी मामले में विकास से भी सीबीआई पूछताछ कर चुकी है। सीबीआई ने विकास को दूसरी बार समन जारी किया था, लेकिन वह एजेंसी के समक्ष पेश नहीं हुआ और आगे की जांच से बचता रहा।
दोनों जांच एजेंसियों ने विनय मिश्रा और विकास के घरों पर छापा भी मारा था। विनय के फरार होने के बाद उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया दया था। एजेंसी ने पिछले साल नवंबर में पशु तस्करी मामले के सरगना इनामुल हक को गिरफ्तार किया था, जो भारत-बांग्लादेश सीमा पर तस्करी का रैकेट चलाता था। इस मामले में बीएसएफ के कमांडर को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।