पिछले सात दिन में 31 लोगों ने संक्रमण से जान गंवाई है। इस साल फरवरी के बाद यह संख्या सबसे कम है। इससे पहले अप्रैल और मई में रोजाना औसतन 200 से ज्यादा मौतें हो रही थी। एम्स के डॉक्टर युद्धवीर सिंह का कहना है कि कोरोना के मामले और मौतें इसलिए कम हो रही हैं क्योंकि वायरस का प्रसार अब थम गया है, लेकिन चिंता की बात यह है कि वायरस में लगातार बदलाव हो रहा है। कई राज्यों में कोरोना के डेल्टा प्लस वैरिएंट के मामले भी आ रहे हैं। ऐसे में सतर्क रहते हुए कोरोना के सभी नियमों का सख्ती से पालन करने की जरूरत है।
पिछले एक सप्ताह से स्थिति
तारीख- दैनिक मामले- मौतें
26 जून-85-09
27-89-04
28-59-02
29-101-04
30-94-06
01 जुलाई-93-04
02-93-02
नोट- आंकड़े स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक हैं
राजधानी में शुक्रवार को 1.6 लाख से ज्यादा लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। इसके साथ टीका लगवा चुके कुल लोगों का आंकड़ा 82 लाख से अधिक हो गया। ये जानकारी दिल्ली सरकार की ओर से जारी बुलेटिन में दी गई।
दिल्ली सरकार की ओर से शनिवार को जारी बुलेटिन में बताया गया कि राजधानी में अब तक 8212158 लोगों का कोरोना टीकाकरण हो चुका है। इनमें से 6345239 को पहली खुराक और 1866919 को टीके की दूसरी खुराक दी गई।
वहीं बुलेटिन के अनुसार शुक्रवार को राजधानी में 160738 लोगों को टीका लगाया गया। इनमें से 130487 को टीके की पहली खुराक और 30251 को दूसरी खुराक दी गई। शुक्रवार को जिन लोगों को टीका लगाया गया उनमें से 44512 लोग 45-60 आयु वर्ग के थे। वहीं 114462 लोग 18-44 आयु वर्ग के थे।
दिल्ली को शुक्रवार को टीके की 50 हजार खुराकें कोवाक्सिन की मिलीं। दिल्ली के पास फिलहाल 478000 टीकों का स्टॉक है। इनमें 268000 कोवाक्सिन और 210000 कोविशील्ड के टीके हैं। टीकों का ये स्टॉक फिलहाल दो दिनों के लिए पर्याप्त होगा। फिलहाल राजधानी में 1374 केंद्रों पर टीकाकरण चल रहा है जहां रोजाना 226552 टीके लगाने की क्षमता है।