कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही हमारे कोरोना यौद्धा दिल्ली पुलिस के जवान अपना खून देकर कोरोना से जंग लड़ रहे लोगों की मदद कर रहे हैं। सोमवार को पश्चिम दिल्ली के राजौरी गार्डन थाने में ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया गया। कैंप का आयोजन एनजीओ की मदद से किया था। ब्लड डोनेशन कैंप में थाने के 37 जवानों ने अपना खून दिया।
इन जवानों का कहना था कि देश व देशवासियां के लिए उनके खून का एक-एक कतरा भी ले लिया जाए तो वह पीछे नहीं हटेंगे। कोरोना संक्रमण के बाद देश में होने वाले ब्लड डोनेशन की कमी हो गई थी। ऐसे में अस्पतालों में इलाज करा रहे मरीजों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। अस्पतालों में ब्लड की कमी न हो इसके लिए पुलिसकर्मियों ने अपना खून देकर मरीजों की मदद करने का प्रयास किया है।
पश्चिम जिला के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि आगे भी इस तरह के कैंप का आयोजन कर पुलिसकर्मी कानून व्यवस्था के साथ लोगों की मदद करते रहेंगे। ऐसा करके वह इंसानियत को जिंदा रखने और कोविड-19 से लड़ाई में अपना सहयोग देंगे।