देश की राजधानी में पहली बार 40 अस्पतालों ने कोरोना टीकाकरण को लेकर शतक मारा है। इन अस्पतालों में एक दिन में 100-100 स्वास्थ्य कर्मचारियों को टीका लगाने का लक्ष्य पूरा किया गया है। गौर करने वाली बात है कि इनमें 11 सरकारी अस्पताल भी शामिल हैं। इतना ही नहीं टीकाकरण को लेकर मिले लक्ष्य को पूरा करने के लिए दिल्ली काफी हद तक प्रयास कर चुकी है। टीकाकरण को लेकर दिल्ली अपने 86 फीसदी लक्ष्य तक पहुंच चुकी है।
दरअसल 20 जनवरी को अमर उजाला ने टीकाकरण पर अस्पतालों की स्थिति को लेकर खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। इसमें बताया गया कि टीकाकरण को लेकर दिल्ली के सरकारी अस्पतालों के हालात सबसे खराब हैं। जबकि प्राइवेट अस्पताल हर दिन अपना 100 फीसदी लक्ष्य पूरा करने का खिताब हासिल कर रहे हैं।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 21 जनवरी को सभी अस्पतालों के मुख्य अधिकारी और विभागाध्यक्षों को आगे आकर टीकाकरण में शामिल होने की सलाह दी गई थी। साथ ही टीका लेने वाले कर्मचारियों की सूची बनाने का अधिकार भी अस्पतालों को मिला। इसका असर यह हुआ है कि तीन दिन में ही 11 सरकारी अस्पताल 100 फीसदी लक्ष्य हासिल करने की स्थिति में पहुंच गए।
वहीं दिल्ली स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के ही मुताबिक दिल्ली में सप्ताह के चार दिन टीकाकरण किया जा रहा है। सोमवार, मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को यह टीकाकरण किया जा रहा है। इसलिए बीते शनिवार को हुए टीकाकरण के परिणाम विभाग को मिल चुके हैं जिसके आधार पर पता चला है कि 40 अस्पतालों ने सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए 100 फीसदी लक्ष्य हासिल किया है। उन्होंने बताया कि अब तक दिल्ली में 25811 स्वास्थ्य कर्मचारियों को टीका लगाया जा चुका है। आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली के जीटीबी, लोकनायक अस्पताल, भीमराव आंबेडकर अस्पताल बेहतर परिणाम देने की सूची में शामिल हैं।
सुरक्षा जवानों को भी शुरू हुआ टीका लगाना
दिल्ली में स्वास्थ्य कर्मचारियों के अलावा अब सुरक्षा जवानों को भी टीका देने का काम शुरू हो चुका है। सोमवार को दिल्ली के वेंक्टेश्वर अस्पताल में करीब 50 सुरक्षा जवानों को टीका की पहली डोज दी गई है। इन जवानों को कोविशील्ड टीका की डोज मिली है। आने वाले दिनों में दूसरे केंद्रों पर भी सुरक्षा और पुलिस जवानों को टीका देना शुरू हो जाएगा।
दिल्ली एम्स अभी भी है पीछे
स्वास्थ्य क्षेत्र में हमेशा अग्रणी देश का सबसे बड़ा चिकित्सीय संस्थान एम्स, दिल्ली कोरोना टीकाकरण को लेकर अभी भी पीछे चल रहा है। एम्स में टीका को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है लेकिन अभी भी यह 100 फीसदी परिणाम हासिल नहीं कर पाया है। वहीं आरएमएल और लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज भी अभी इस लक्ष्य से दूर है। सफदरजंग अस्पताल की ओर से टीकाकरण पर आधिकारिक जानकारी प्रतिदिन नहीं दी जा रही है।