दिल्ली में कोरोना संक्रमित एक और गर्भवती महिला ने एक स्वस्थ शिशु को जन्म दिया है। इससे पहले कोरोना संक्रमित चार और महिलाएं स्वस्थ शिशु को जन्म दे चुकी हैं। इनमें से दो की प्रसूति दिल्ली एम्स में ही हुई थी।
शुक्रवार को अपोलो अस्पताल की डॉ. किरण बाला दास ने बताया कि कुछ दिन पहले एक गर्भवती महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में लाया गया था। गर्भवती होने के अलावा महिला कोरोना संक्रमित भी थी। प्रसूति के दौरान टीम ने पीपीई सूट सहित सुरक्षा के तमाम मानकों का ध्यान रखा।
प्रसूति के बाद नवजात शिशु की कोविड-19 की जांच भी कराई गई जिसमें रिपोर्ट निगेटिव आई है। फिलहाल मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। एम्स के डॉक्टरों के अनुसार एहतियात रख कोरोना पीड़ित महिलाओं की सफल डिलीवरी की जा सकती है।