-पहले राउंड के बाद कॉमर्स, आर्ट्स की सीटें लगभग फुल, साइंस की सीटें कई जगह खाली
-दाखिले के लिए पहले राउंड में अधिकतर कॉलेजों में सीटें भर गईं
-स्नातक प्रोग्राम में 62,565 छात्रों ने लिया दाखिला, अब महज सात-आठ हजार सीटें ही खाली
-डीयू ने बुधवार आधी रात के बाद फीस भुगतान की तिथि समाप्त होने के बाद फाइनल डाटा जारी किया
-एसआरसीसी, हिंदू, हंसराज, आईपी, सेंट स्टीफंस कॉलेज में सीटें लगभग फुल
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्नातक प्रोग्राम में दाखिले के लिए कॉमर्स और आर्ट्स की खुमारी साइंस पाठ्यक्रमों पर भारी पड़ी हैं। पहले राउंड में नामी से लेकर कई कॉलेजों में इन प्रोग्राम की सामान्य श्रेणी लगभग सीटें फुल हो गई हैं। खासकर श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स, हिंदू, आईपी, किरोड़ीमल, रामजस, दौलतराम, लेडी श्रीराम जैसे कॉलेजों में सीटें भर गई हैं। डीयू ने बुधवार आधी रात के बाद फीस भुगतान की तिथि समाप्त होने के बाद बृहस्पतिवार को फाइनल डाटा जारी किया।
डीयू की ओर से जारी डेटा के अनुसार स्नातक प्रोग्राम की 71,624 सीटों पर अब तक 62,565 दाखिले हो गए हैं। इस तरह से दूसरे राउंड के लिए महज सात से आठ हजार सीटें ही खाली हैं। कुछ पॉपुलर कॉलेजों में कॉमर्स की सीटें भी भर गई हैं। जबकि साइंस पाठ्यक्रमों की सीटें कई कॉलेजों में खाली हैं। पहले राउंड के दाखिले का आलम यह है कि इकोनॉमिक्स, राजनीति विज्ञान, फिलॉस्फी, अंग्रेजी, इतिहास, साइकोलॉजी जैसे पाठ्यक्रमों में सीटों से अधिक दाखिले हो गए हैं। संस्कृत की सीटें कुछ जगह खाली हैं।
पहले राउंड में 71,624 हजार सीटों के लिए 93,166 सीटें ऑफर की गई थीं। इनमें से 80,015 छात्रों ने सीट को स्वीकार किया था। डीयू दाखिला डीन प्रो हनीत गांधी ने बताया, पहले राउंड तक 62,565 छात्रों ने दाखिला ले लिया है। इनमें से लड़कियों की संख्या 34,014, व लड़कों की संख्या 28,551 है। 143 अनाथ छात्रों ने दाखिला लिया है। एकल कन्या श्रेणी के तहत 949 छात्रों ने दाखिला लिया है। अपनी सीट से संतुष्ट होकर 16,126 छात्रों ने अपनी सीट को फ्रीज कर दिया है। जबकि पहले राउंड में आवंटित सीट को अपग्रेड करने का विकल्प 43, 741 छात्रों ने लिया है। जिन्होंने फीस का भुगतान नहीं किया अब वह सिस्टम से बाहर हो गए हैं।
प्रो गांधी ने बताया कि दूसरे राउंड के लिए अब सात से आठ हजार सीटें ही बची हैं। डीयू ने बृहस्पतिवार को खाली सीटों की जानकारी भी जारी कर दी। अब इन सीटों की संख्या को देखकर छात्र अपनी पहले भरी गई वरीयताओं को 25 जुलाई तक दुबारा व्यवस्थित कर सकते हैं।
कॉलेजों में दाखिले की स्थिति
हंसराज कॉलेज: कॉलेज में सामान्य श्रेणी के लिए बीए ऑनर्स इकोनॉमिक्स में दो सीट, बीए ऑनर्स अंग्रेजी में एक सीट, बीए ऑनर्स इतिहास में दो, संस्कृत में तीन, बीकॉम ऑनर्स में 2 सीटें बची हैं। जबकि बीएससी प्रोग्राम लाइफ साइंसेज में 18, बीएससी ऑनर्स बॉटनी में 20, बीएससी ऑनर्स केमिस्ट्री में 13, बीएससी ऑनर्स इलेक्ट्रानिक्स में 12, बीएससी ऑनर्स जियोलॉजी में 17, बीएससी ऑनर्स फिजिक्स में 15 सीटें बची हैं।
श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स: भारत के प्रतिष्ठित कॉलेजों में शुमार इस कॉलेज में बीकॉम ऑनर्स व बीए ऑनर्स इकोनॉमिक्स की पढ़ाई होती है। सामान्य के लिए इकोनॉमिक्स में एक और बीकॉम ऑनर्स की केवल चार सीटें शेष हैं।
हिंदू कॉलेज: बीए ऑनर्स अंग्रेजी में एक, बीए ऑनर्स इकोनॉमिक्स में दो, बीए ऑनर्स राजनीति विज्ञान में दो सीटें खाली हैं। जबकि बीएससी ऑनर्स फिजिक्स में 16, बीएससी ऑनर्स जूलॉजी 14, बीएससी ऑनर्स केमिस्ट्री और बीएससी ऑनर्स बॉटनी में 9-9 सीटें खाली हैं। बीए ऑनर्स हिंदी में कोई सीट नहीं है।
किरोड़ीमल कॉलेज: बीए ऑनर्स इकोनॉमिक्स में 1, बीए ऑनर्स अंग्रेजी में 3, बीए ऑनर्स भूगोल में 2, बीए ऑनर्स राजनीति विज्ञान में एक सीट खाली है। खास बात यह है कि बीए ऑनर्स हिंदी में यहां कोई सीट खाली नहीं है। बीकॉम ऑनर्स में 4, बीएससी ऑनर्स बॉटनी में 10, बीएससी ऑनर्स केमिस्ट्री में 12, बीएससी ऑनर्स फिजिक्स में 23, बीेएससी ऑनर्स जूलॉजी में 10 सीट खाली हैं।