नई दिल्ली। संविधान दिवस पर आम आदमी पार्टी ने खिचड़ीपुर स्थित स्कूल पर लगा सीएम श्री बोर्ड हटाकर दोबारा डॉ. भीमराव अंबेडकर का नाम अंकित किया। पार्टी के विधायक कुलदीप कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारे बाजी की।
दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा ने एक्सीलेंस स्कूलों का नाम बदलकर सीएम श्री कर दिया था, जिस पर आज फिर बाबा साहेब के नाम लगाया गया। वहीं, कोंडली के विधायक कुलदीप कुमार ने आरोप लगाया कि दलित विरोधी भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आते ही स्कूलों से अंबेडकर का नाम मिटा रही है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल सरकार ने बाबा साहब के नाम पर 69 स्पेशलाइज्ड एक्सीलेंस स्कूल स्थापित किए थे। अरविंद केजरीवाल सरकार की ओर से गरीब बच्चों के उत्थान के लिए बनाए गए स्कूल ऑफ स्पेशलाइज्ड एक्सीलेंस में गरीब परिवारों के बच्चे पढ़कर आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर और इंजीनियर बन रहे थे।